Hemant Oath Ceremony: शानदार होगा हेमंत सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, प्रियंका गांधी के आने के चर्चे; इन राज्‍यों के CM को न्‍योता

Jharkhand Election Result 2019 कांग्रेस शासित राज्‍यों मध्य प्रदेश राजस्थान छत्तीसगढ़ पंजाब से लेकर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी न्योता भेजा जा रहा है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Thu, 26 Dec 2019 01:05 PM (IST) Updated:Fri, 27 Dec 2019 07:36 AM (IST)
Hemant Oath Ceremony: शानदार होगा हेमंत सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, प्रियंका गांधी के आने के चर्चे; इन राज्‍यों के CM को न्‍योता
Hemant Oath Ceremony: शानदार होगा हेमंत सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, प्रियंका गांधी के आने के चर्चे; इन राज्‍यों के CM को न्‍योता

रांची, जेएनएन। Jharkhand Election Result 2019 झारखंड के नामित मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में प्रियंका गांधी के शामिल होने के चर्चे हैं। इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रदेश के नेताओं के काफी मान-मनौव्‍वल के बाद चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पाकुड़ में जनसभा करने पहुंची थीं। यहां उन्‍होंने हेमंत सोरेन के साथ रैली को संबोधित किया था। इस बार प्रियंका नई सरकार के शपथ के खास मौके पर पहुंचेंगी। वहीं हेमंत सोरेन ने कहा है कि जिस तरह झारखंड चुनाव में झामुमो, कांग्रेस और राजद के महागठबंधन की बड़ी जीत हुई है, उसी तरह नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह भी बेहद खास और बड़ा होगा।

अब तक की जानकारी के मुताबिक 29 दिसंबर, रविवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पंजाब से लेकर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को न्योता भेजा जा रहा है। वहीं भाजपा विरोधी दलों के बड़े नेताओं को भी इस समारोह में आमंत्रित किया जा रहा है। सियासी गलियारे में चल रही चर्चा के मुताबिक हेमंत सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शिवसेना प्रमुख और महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री उद्धव ठाकरे तथा राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्‍यक्ष शरद पवार को भी आमंत्रित किया गया है।

राहुल गांधी का आना तय, सोनिया पर सस्‍पेंस

बीते दिन हेमंत सोरेन ने दिल्‍ली जाकर कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस क्रम में हेमंत ने सोनिया गांधी को महागठबंधन सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्‍योता दिया। मौके पर मौजूद रहे कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने रांची के मोरहाबादी मैदान में 29 दिसंबर, रविवार को होने वाले शपथ समारोह में मौजूद रहने की सहमति दे दी है। उनके साथ कांग्रेस के कई वरिष्‍ठ नेता भी शपथ ग्रहण समारोह के सहभागी बनेंगे।

हेमंत मंत्रिमंडल पर मंथन जारी

झारखंड में बनने वाली महागठबंधन सरकार के स्‍वरूप पर मंथन जारी है। कांग्रेस सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक हेमंत सरकार में उसकी बड़ी भूमिका होगी। प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह से मिले संकेतों पर गौर करें तो महागठबंधन सरकार में हेमंत सोरेन मुख्‍यमंत्री होंगे, वहीं कांग्रेस की ओर से एक उपमुख्‍यमंत्री भी सरकार में शामिल होगा। बताया गया है कि हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पांच मंत्री होंगे। जिन विधायकों को जेएमएम की ओर से मंत्री पद दिया जा सकता है, उनमें स्‍टीफन मरांडी, चंपई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जोबा मांझी, मथुरा महतो और दीपक बिरुआ शामिल हैं।

इधर, कांग्रेस की ओर से मंत्री बनने वाले विधायकों में आलमगीर आलम, इरफान अंसारी, राजेंद्र सिंह, अंबा प्रसाद और ममता देवी के नाम पर चर्चा जारी है। संभव है कांग्रेस को विधानसभा अध्‍यक्ष का पद भी दिया जाए। मंत्रिमंडल में महागठबंधन के अन्‍य सहयोगी लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद से भी एक मंत्री बनाया जा रहा है। जबकि पूर्व मुख्‍यमंत्री बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा की ओर से प्रदीप यादव मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।

chat bot
आपका साथी