कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी होते ही बवाल, भड़के पाटीदार नेता

कांग्रेस ने पास के 3 नेताओं को मैदान में उतारा है लेकिन एक खेमा इसका विरोध जता रहा है।

By Manish NegiEdited By: Publish:Mon, 20 Nov 2017 06:15 PM (IST) Updated:Mon, 20 Nov 2017 10:01 PM (IST)
कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी होते ही बवाल, भड़के पाटीदार नेता
कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी होते ही बवाल, भड़के पाटीदार नेता

अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात चुनाव का दंगल जीतने के लिए भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। लेकिन, इस लिस्ट के आते ही घमासान भी शुरू हो गया है। रविवार को कांग्रेस ने 77 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में पाटीदार आंदोलन समिति (पास) के नेताओं को भी मौका दिया गया है। हालांकि, उम्मीदवारों को लेकर पास में हंगामा मच गया है।

कांग्रेस ने पास के 3 नेताओं को मैदान में उतारा है लेकिन एक खेमा इसका विरोध जता रहा है। रविवार रात पास प्रवक्ता व हार्दिक पटेल के करीबी दिनेश बामणिया कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी के बंगले पर पहुंच गए। बामणिया का आरोप है कि कांग्रेस ने पास की कोर कमेटी की मंजूरी के बिना टिकट दे दिए। सोलंकी उनके आने से पहले ही बाहर चले गए जिसके बाद हंगामे के चलते पास नेता व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। उधर टिकट मिलने पर पास के सौराष्ट्र प्रवक्ता ललित वसोया ने सोमवार को अपना नामांकन भी भर दिया।

उनके अलावा कामरेज से नीलेश कुंबानी व जूनागढ शहर से अमित ठुम्मर भी चुनाव मैदान में है। मेहसाणा के पास संयोजक नरेन्द्र पटेल भी उत्तर गुजरात से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वसोया व नरेन्द्र पटेल ने बामणियाा पर निजी खुंदक निकालने का आरोप लगाया है, उनका कहना है हार्दिक की सहमति से ही वे चुनाव लड रहे हैं। कांग्रेस की सूची को लेकर पास में ही दो गुट हो गए जिसमें से एक चुनाव लड़ना चाहता है वहीं दूसरा चुनावी राजनीति से दूर रहना चाहता है।

कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट

कांग्रेस ने सोमवार को अपने स्टॉर प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। 40 स्टार प्रचारकों की इस सूची में पहला नाम पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का है। जबकि दूसरा नाम पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी का है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी गुजरात चुनाव में कांग्रेस के लिए वोट मांगेंगे।

भाजपा की तीसरी लिस्ट

भाजपा ने 28 प्रत्याशियों की अपनी तीसरी सूची भी जारी कर दी है। इस लिस्ट में भाजपा ने तीन मंत्रियों और 15 विधायकों के नाम काट दिए हैं। इस लिस्ट में भाजपा ने 14 पाटीदार व 1 महिला उम्मीदवार को मौका दिया है।

यह भी पढ़ें: गुजरात चुनावः कांग्रेस टिकट पर लड़ेंगे पाटीदार नेता, 77 प्रत्याशियों की सूची जारी

chat bot
आपका साथी