CG Election 2018 : क्या इस बार विधानसभा की दहलीज पर पहुंच पाएंगी किन्नर

CG Election 2018 : इस बार विधानसभा चुनाव में छह किन्‍नर ने लिया था नामांकन लेकिन केवल चार ने लड़ा चुनाव।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Mon, 10 Dec 2018 05:18 PM (IST) Updated:Mon, 10 Dec 2018 05:18 PM (IST)
CG Election 2018 : क्या इस बार विधानसभा की दहलीज पर पहुंच पाएंगी किन्नर
CG Election 2018 : क्या इस बार विधानसभा की दहलीज पर पहुंच पाएंगी किन्नर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में किन्नरों की भी सक्रियता बढ़ रही है। मधु किन्नर के रायगढ़ की महापौर बनने के बाद उनकी यह चाह और बढ़ गई है। यही वजह है कि इस बार विधानसभा चुनाव में चार किन्नरों ने भी भाग्य आजमाया है।

हालांकि नामांकन फार्म तो छह ने खरीदा था, लेकिन मधु व एक अन्य ने लड़ने से पहले ही कदम पीछे खींच लिया। पिछले विधानसभा चुनाव में भी एक किन्नर ने भाग्य आजमाया था, लेकिन जमानत नहीं बच पाई।

सभी निर्दलीय लड़ी चुनाव

विधानसभा के चुनावी समर में उतरी सभी किन्नरों ने निर्दलीय ही चुनाव लड़ा है। इनमें बिलासपुर सीट से राजा, अंबिकापुर सीट से मुस्कान, प्रेमनगर से विद्या किन्नर और दुर्ग शहर सीट से कंचन सेंड्रे शामिल हैं। वहीं कोरबा की मालती और रायगढ़ की मधु किन्नर नामांकन खरीदा, लेकिन जमा नहीं किया।

कुल 940 वोटर

छत्तीसगढ़ में करीब एक करोड़ 80 लाख वोटर हैं। इनमें किन्नर वोटरों की संख्या 940 है। राज्य की 90 विधानसभा सीटों में केवल छह सीट ऐसी हैं, जहां किन्नर वोटर नहीं हैं, बाकी सभी 84 सीटों पर एक या उससे अधिक किन्नर वोटर हैं।

पिछले चुनाव में भी थी एक प्रत्याशी

पिछले विधानसभा चुनाव में भी मनेन्द्रगढ़ सीट से एक किन्नर ने चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें आठ सौ से भी कम वोट मिले थे।

सकारात्मक बदलाव

किन्नरों के लिए काम करने वाली मीतवा संस्था की विद्या राजपूत कहती हैं कि हमारे समाज में सकारात्मक बदला आ रहा है। इससे हमारे प्रति लोगों की भी सोच बदली है। इसके लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा है, लेकिन अब इसके सुखद परिणाम दिख रहे हैं। आप देखिए कैसे किन्नर आपको पुलिस भर्ती में दौड़ती दिख रही हैं, ब्यूटी कांटेस्ट समेत कई क्षेत्रों में सक्रिय हैं। राजनीति में भी सक्रियता बढ़ रही है।

इन सीटों से किन्नरों ने की दावेदारी

विधानसभा क्षेत्र दावेदार किन्‍नर किन्नर वोटर

बिलासपुर राजा 19

अंबिकापुर मुस्कान 25

प्रेमनगर विद्या 12

दुर्ग शहर कंचन सेंड्रे 24

किन्नर वोटरों की संख्या

- 90 में से छह सीटों पर नहीं हैं एक भी।

- 10 सीटों पर केवल एक किन्नर वोटर।

- 43 सीटों पर इन की संख्या 10 से अधिक है।

- 15 सीटें ऐसी हैं जहां संख्या 11 से 20 तक है।

- 10 पर इनकी संख्या 21 से 30 तक है।

- छह सीटों पर 30 से अधिक किन्नर वोटर हैं।

सबसे ज्यादा रायपुर में वोटर

रायपुर उत्तर- 82

रायपुर दक्षिण- 56

रायपुर ग्रामीण- 54

रायपुर पश्चिम- 40

chat bot
आपका साथी