Bihar, Madhubani Election 2020 : मधुबनी सीट पर वापसी के लिए भाजपा ने चली है यह वीआइपी चाल, महागठबंधन को मात देने के लिए इस रणनीति पर चल रहा काम

Bihar Madhubani Assembly Election 2020 मधुबनी विधानसभा सीट से वीआइपी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे भाजपा के विधान पार्षद सुमन महासेठ। महागठबंधन की ओर से वर्तमान विधायक समीर महासेठ की उम्मीदवारी पहले ही हो चुकी घोषित।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sat, 10 Oct 2020 10:25 PM (IST) Updated:Sun, 11 Oct 2020 10:33 AM (IST)
Bihar, Madhubani Election 2020 : मधुबनी सीट पर वापसी के लिए भाजपा ने चली है यह वीआइपी चाल, महागठबंधन को मात देने के लिए इस रणनीति पर चल रहा काम
मधुबनी सीट पर मुकाबला अब महासेठ बनाम महासेठ हो चुका है जो निश्चित रूप से काफी दिलचस्प होने वाला है।

मधुबनी, जेएनएन। Bihar, Madhubani Election 2020 : जिले में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। चुनावी दंगल में जीत-हार का समीकरण तेजी से बन-बिगड़ रहा है। हर दल व गठबंधन अपनी जीत सुनिश्चित करने की तिकड़म में जुट गए हैं। भाजपा की पुरानी सीट रही मधुबनी विधानसभा में पहले एनडीए की ओर से वीआइपी की दावेदारी और अब वीआइपी की टिकट पर भाजपा नेता व विधान पार्षद सुमन महासेठ की उम्मीदवारी से राजनीतिक फिजा बदलने लगी है। मधुबनी सीट पर मुकाबला अब महासेठ बनाम महासेठ हो चुका है जो निश्चित रूप से काफी दिलचस्प होने वाला है। इस सीट से महागठबंधन की ओर से राजद प्रत्याशी के रूप में समीर महासेठ उम्मीदवार हैं। 2015 के विधानसभा चुनाव में समीर महासेठ ने मधुबनी सीट से भाजपा नेता रामदेव महतो को हरा कर जीत दर्ज की थी। इस बार समीर महासेठ का सीधा मुकाबला सुमन महासेठ से होने जा रहा है।

मधुबनी सीट पर वापसी को बेताब भाजपा

वर्तमान में मधुबनी सीट राजद का गढ़ माना जाता है। पिछले विधानसभा चुनाव में राजद ने यह सीट भाजपा के हाथों से छीन ली। इससे पहले 2010 के विधानसभा चुनाव, 2005 के दो विधानसभा चुनावों और 2000 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा ने जीत दर्ज की थी। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो भाजपा के नए पैतरें ने सबकों चौंका दिया है। पहले तो अपने कोटे की सीट वीआइपी को ऑफर कर दी और फिर अपने ही पार्टी के विधान पार्षद को वीआइपी के टिकट पर उम्मीदवारी देकर चुनाव को दिलचस्प बना दिया है।

लोजपा देगी उम्मीदवार तो त्रिकोणीय होगा मुकाबला

यदि इस सीट से लोजपा अपना उम्मीदवार देती है तो मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं। हालांकि, इसकी संभावना कम लग रही है। सूत्रों का कहना है कि लोजपा केवल उन्हीं सीटों पर अपने उम्मीदवार देगी जिस सीट पर जदयू चुनाव मैदान में है। भाजपा के खिलाफ लोजपा के उम्मीदवारी की संभावना नगण्य है। हालांकि, मधुबनी सीट वीआइपी के कोटे में है, लेकिन उम्मीदवार के रूप में भाजपा के कद्दावर नेता के सामने आ जाने के बाद इस सीट से लोजपा के उम्मीदवारी की संभावना लगभग समाप्त हो चुकी है।

सुमन महासेठ की उम्मीदवारी से भाजपा में खुशी

विधान पार्षद सुमन महासेठ की उम्मीदवारी से भाजपा खेमे में खुशी की लहर है। उम्मीदवारी की घोषणा होने के बाद शनिवार को सुमन महासेठ भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहां उनके पहुंचते ही भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर छा गई। भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर झा ने लड्डू खिलाकर अपने उम्मीदवार का स्वागत किया।

chat bot
आपका साथी