Bihar Election 2020: भाेजपुर की सात सीटों पर 98 प्रत्‍याशी, राजनीतिक दलों के लिए बड़ी चुनौती बने बागी

Bihar Assembly Election 2020 पिछले चुनाव में भोजपुर में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली थी। इस बार चार सीटों पर भाजपा के तो तीन पर जदयू मैदान में है। महागठबंधन की बात करें तो चार सीटों पर राजद तो तीन पर भाकपा माले चुनाव लड़ रही है।

By Amit AlokEdited By: Publish:Mon, 19 Oct 2020 01:52 PM (IST) Updated:Mon, 19 Oct 2020 01:52 PM (IST)
Bihar Election 2020: भाेजपुर की सात सीटों पर 98 प्रत्‍याशी, राजनीतिक दलों के लिए बड़ी चुनौती बने बागी
श्रीभगवान सिंह कुशवाहा एवं सरोज यादव। फाइल तस्‍वीरें।

भोजपुर, मृत्युंजय सिन्हा और सुधीर मिश्रा। Bihar Assembly Election 2020: भोजपुर जिले की सात सीटों पर पहले चरण में 28 अक्टूबर को मतदान होना है। इसके लिए कुल 98 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। पिछले चुनाव में सात में से पांच सीटों पर राजद, एक पर जदयू और एक सीट पर भाकपा माले के प्रत्याशी निर्वाचित हुए थे। भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली थी। इस बार चार सीटों पर भाजपा के तो तीन पर जदयू के प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं महागठबंधन की ओर से चार सीटों पर राजद जबकि तीन सीटों पर भाकपा माले चुनाव लड़ रही है। प्रमुख गठबंधन के घोषित प्रत्याशियों के अलावा कई दलों के बागी प्रत्याशी भी अखाड़े में ताल ठोक रहे हैं। स्थापित दलों के लिए वोटों के बिखराव से बचना बड़ी चुनौती होगी।

आरा में भितरघात से बचने की चुनौती

आरा सीट से कुल 15 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। एनडीए से भाजपा प्रत्याशी अमरेंद्र प्रताप सिंह चुनाव में हैं। राजद के निवर्तमान विधायक अनवर आलम इस बार चुनाव मैदान में नहीं हैं, क्योंकि महागठबंधन से यह सीट भाकपा माले के खाते में चली गई है। माले ने क्यामुद्दीन अंसारी को प्रत्याशी बनाया है। राजग प्रत्याशी को इस बार बागियों से वोट बचाना होगा क्योंकि टिकट नहीं मिलने से खफा भाजपा राज्य परिषद सदस्य हाकिम प्रसाद तथा जदयू के चंद्रभानु गुप्ता निर्दलीय उतर आए हैं। पिछले चुनाव में जातीय गोलबंदी और अल्पसंख्यक मतों के ध्रुवीकरण से जीत-हार का निर्णय हुआ था।

प्रमुख मुद्दे : रिंग रोड का निर्माण लटका, 1967 से अटका है ड्रेनेज का प्रस्ताव, जर्जर सड़क, जाम, जलजमाव।

आरा : 15 प्रत्याशी

भाजपा : अमरेंद्र प्रताप सिंह

भाकपा माले : क्यामुद्दीन अंसारी

रालोसपा : प्रवीण कुमार सिंह

जाप : ब्रजेश कुमार सिंह

बड़हरा में त्रिकोणीय हो सकता है मुकाबला

महागठबंधन से राजद ने अपने निवर्तमान विधायक सरोज यादव को फिर से मैदान में उतारा है। वहीं राजग की ओर से पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी राघवेंद्र प्रताप सिंह उम्मीदवार हैं। टिकट नहीं मिलने पर भाजपा की पूर्व विधायक आशा देवी बागी होकर निर्दलीय लड़ रही हैं। इनके अलावा जाप से रघुपति यादव, रालोसपा से सियामती देवी समेत 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। हालांकि, मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं।

प्रमुख मुद्दे: बाढ़, आर्सेनिक युक्त पानी, नीलगाय का उपद्रव, बालू ढुलाई से लगने वाला जाम।

बड़हरा : 10 प्रत्याशी

राजद : सरोज यादव

भाजपा : राघवेंद्र प्रताप सिंह

निर्दलीय : आशा देवी

रालोसपा : सियामती देवी

शाहपुर में देवरानी-जेठानी के बीच राजद का त्रिकोण

शाहपुर में महागठबंधन और राजग के बीच मुकाबला तो है ही, इसके साथ पारिवारिक महाभारत भी है। महागठबंधन से राजद के निर्वतमान विधायक राहुल तिवारी फिर से मुकाबले में हैं। एनडीए से भाजपा की पूर्व विधायक मुन्नी देवी को टिकट मिला है। भाजपा से टिकट पाने में विफल शोभा देवी निर्दलीय किस्मत आजमा रही हैं। शोभा देवी रिश्ते में भाजपा प्रत्याशी की जेठानी हैं। ये दिवंगत भाजपा नेता विशेश्वर ओझा की पत्नी है। इनके अलावा रालोसपा से वेद प्रकाश, जाप से राकेश कुमार मिश्रा, नेशनल कांग्रेस पार्टी से गुडिय़ा देवी, बहुजन मुक्ति पार्टी से नन्हक ङ्क्षसह समेत कुल 23 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं।

प्रमुख मुद्दे: स्लुइस गेट के नाम पर अधूरा तटबंध, धर्मावती नदी पर पुल निर्माण नहीं हुआ पूरा, फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना नहीं, जलनिकासी की समस्या।

शाहपुर : 23 प्रत्याशी

राजद : राहुल तिवारी

भाजपा : मुन्नी देवी

निर्दलीय: शोभा देवी

रालोसपा : वेद प्रकाश

जगदीशपुर में विक्षुब्ध कर सकते हैं उलटफेर

जगदीशपुर विधानसभा में भी बागियों की वजह से मुकाबला रोमांचक हो गया है। एनडीए से जदयू प्रत्याशी सुषुमलता मैदान में हैं तो महागठबंधन से राजद के निवर्तमान प्रत्याशी रामविशुन सिंह लोहिया ताल ठोक रहे हैं। इधर जदयू से टिकट न मिलने पर पूर्व मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा लोजपा से चुनावी मैदान में हैं। भाजपा के पूर्व विधायक दिनेश कुमार सिंह जाप के टिकट पर मुकाबले में उतर आए हैं। विगत चुनाव में जातीय गोलबंदी और अल्पसंख्यक मत निर्णायक थे लेकिन इस बार वोटों का बंटवारा रोकना आसान नहीं होगा। कुल 18 प्रत्याशी विधायक बनने की रेस में हैं।

प्रमुख मुद्दे: रेलमार्ग से नहीं हुआ जुड़ाव, पर्यटन स्थल का नहीं मिला दर्जा, मान्यता प्राप्त कॉलेज नहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी।

जगदीशपुर : 18 प्रत्याशी

राजद : रामविशुन सिंह लोहिया

जदयू : सुषुमलता देवी

लोजपा : श्रीभगवान सिंह कुशवाहा

जाप : दिनेश कुमार सिंह

तरारी में दिख रही सीधी लड़ाई, मुकाबला रोचक

तरारी में महागठबंधन से भाकपा माले के निवर्तमान विधायक सुदामा प्रसाद को टिकट मिला है। वहीं एनडीए से भाजपा प्रत्याशी कौशल कुमार विद्यार्थी लड़ रहे हैं। लोजपा से टिकट नहीं मिलने से खफा पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार पांडेय निर्दलीय जबकि जनतांत्रिक विकास पार्टी से अनिल कुमार मुकाबले को रोचक बनाने में जुटे हैं। पिछले चुनाव में जातीय मतों का विभाजन और त्रिकोणात्मक मुकाबले में वोट बंटवारे ने जीत-हार की बुनियाद रखी। मैदान में नेशनल कांग्रेस पार्टी से सूर्यजीत कुमार सिंह और जाप से संजय राय भी किस्मत आजमा रहे हैं। कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हैं।

प्रमुख मुद्दे: नहर का समुचित उपयोग नहीं, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, बदहाल स्वास्थ्य सुविधाएं।

तरारी : 11 प्रत्याशी

भाजपा : कौशल कुमार विद्यार्थी

भाकपा माले : सुदमा प्रसाद

निर्दलीय : नरेंद्र कुमार पांडेय

अगिआंव में आमने-सामने की टक्कर के आसार

अगिआंव सुरक्षित विधानसभा पर एनडीए ने जदयू के अपने निवर्तमान विधायक प्रभुनाथ राम पर फिर से भरोसा जताया है। महागठबंधन से भाकपा माले प्रत्याशी मनोज मंजिल से आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है। पिछले चुनाव में राजद और जदयू के गठबंधन का लाभ मिला था। त्रिकोणात्मक मुकाबले में भाजपा दूसरे और भाकपा माले तीसरे नंबर पर थी। इस बार तस्वीर बदली हुई है। वैसे रालोसपा से मनु राम राठौर और लोजपा से राजेश्वर पासवान के मैदान में उतरने से वोटों का बिखराव संभव है। कुल 11 प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में किस्मत आजमा रहे हैं।

प्रमुख मुद्दे: बनास नदी पर पुल, स्वास्थ्य उपकेंद्र की कुव्यवस्था, रोजगार।

अगिआंव : 11 प्रत्याशी

जदयू : प्रभुनाथ राम

भाकपा माले : मनोज मंजिल

लोजपा : राजेश्वर पासवान

रालोसपा : मनुराम राठौर

संदेश के चुनावी मैदान में रिश्तों की परीक्षा

महागठबंधन से विधायक अरुण कुमार यादव की पत्नी किरण देवी राजद प्रत्याशी बनाई गई हैं, जबकि एनडीए से जदयू के पूर्व विधायक बिजेंद्र कुमार यादव ताल ठोक रहे हैं। जदयू प्रत्याशी रिश्ते में राजद प्रत्याशी के जेठ हैं। दोनों के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद है। भाजपा छोड़कर सकड्डी की मुखिया सह लोजपा प्रत्याशी श्वेता सिंह लड़ाई को त्रिकोणात्मक बनाने में लगी हैं। इसके अलावा जाप से बबन कुमार और रालोसपा से शिवशंकर प्रसाद समेत कुल प्रत्याशी 11 चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

प्रमुख मुद्दे : डेढुआ नहर परियोजना की शुरुआत नहीं, खेतों तक नहीं पहुंचा पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य की लचर व्यवस्था।

संदेश : 11 प्रत्याशी

जदयू : विजेंद्र यादव

राजद : किरण देवी

लोजपा : श्वेता सिंह

chat bot
आपका साथी