असम में कांग्रेस-एआइयूडीएफ का गठबंधन 'महाखोट', भाजपा दर्ज करेगी बड़ी जीत: फडणवीस

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने असम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के कांग्रेस-एआइयूडीएफ का गठबंधन सामाजिक और सांस्कृतिक ताने-बाने को खत्म कर देगा। उन्होंने दोनों के गठबंधन को महाखोट करार दिया।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Wed, 17 Mar 2021 11:33 AM (IST) Updated:Wed, 17 Mar 2021 11:33 AM (IST)
असम में कांग्रेस-एआइयूडीएफ का गठबंधन 'महाखोट', भाजपा दर्ज करेगी बड़ी जीत: फडणवीस
असम में दूसरे चरण के मतदान के लिए 28 प्रत्याशियों का नामांकन खारिज हो गया है।

गुवाहाटी, एजेंसियां : भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने असम में कांग्रेस और आल इंडिया यूनाइडेट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआइयूडीएफ) के गठबंधन को 'महाखोट' करार दिया है, जो राज्य के सामाजिक और सांस्कृतिक ताने-बाने को खत्म कर देगा। भाजपा नेता नलबाड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए किया गया है। दोनों दलों का गठबंधन 'महाजोठ नहीं बल्कि 'महाखोट' है फडणवीस ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दल राज्य के लोगों की सुरक्षा और समृद्धि और उनकी संस्कृति का संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

दूसरे चरण के 28 प्रत्याशियों का नामांकन खारिज

इस बीच, असम में एक अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए 28 प्रत्याशियों का नामांकन खारिज हो गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी के दफ्तर ने यह जानकारी दी। दूसरे चरण में 39 सीटों के लिए मतदान होना है, जिसके लिए कुल 408 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, जिनमें से 28 के पर्चे सोमवार को जांच के दौरान खारिज हो गए। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 17 मार्च है। वहीं, छह अप्रैल को राज्य में तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए अब तक सात प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इनमें कोकराझार सीट से सांसद नाबा कुमार सारानिया भी शामिल हैं, जिन्होंने बरमा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है।

64 करोड़ की कई सामग्रियां बरामद

असम के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव के दौरान शराब, ड्रग और अघोषित नकदी समेत 64.84 करोड़ रुपये की सामग्रियां बरामद की गई हैं। इनमें 12.17 करोड़ रुपये नकद, 17.82 करोड़ रुपये की शराब, 2.82 करोड़ रुपये के सोने और चांदी के गहने और 27.13 करोड़ रुपये की ड्रग्स शामिल है।                                                         

chat bot
आपका साथी