दिल्‍ली में 29 जनवरी सबसे गर्म दिन रहा - जानते हैं क्‍यों

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते राजधानी में शुक्रवार का दिन जनवरी 2016 का गर्म दिन साबित हुआ। शुक्रवार को पारे में आए उछाल का आलम ये था कि अधिकतम व न्यूूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ।

By Ramesh MishraEdited By: Publish:Sat, 30 Jan 2016 11:37 AM (IST) Updated:Sat, 30 Jan 2016 03:45 PM (IST)
दिल्‍ली में 29 जनवरी सबसे गर्म दिन रहा - जानते हैं क्‍यों

नई दिल्ली । पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते राजधानी में शुक्रवार का दिन जनवरी 2016 का गर्म दिन साबित हुआ। शुक्रवार को पारे में आए उछाल का आलम ये था कि अधिकतम व न्यूूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग की माने तो 29 जनवरी, 2016 का दिन न सिर्फ इस साल जनवरी माह का सबसे गर्म दिन बल्कि बीते पांच सालों में सबसे गर्म 29 जनवरी का दिन भी रहा।

जहां तक प्रदूषण की बात है कि राजधानी में बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को आर्द्रता में कुछ कमी और सुबह के समय 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की तेजी से चली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते प्रदूषण का स्तर निर्धारित मानकों के मुकाबले तीन गुना से कुछ कम ही दर्ज हुआ।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम व न्यूनतम तापमान बढऩे का असर क्षेत्रीय केंद्रों पर भी देखने को मिला। रिज क्षेत्र में न्यूनतम पारा 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, इसी तरह नजफगढ़ में ये तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस और अक्षरधाम केंद्र पर 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

स्काई मेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली में एक के बाद एक करके आ रहे पश्चिमी विक्षोभ असर जारी है और अब जो पश्चिमी विक्षोभ दिल्ली के मौसम को प्रभावित कर रहा है उसका प्रभाव आगामी 31 जनवरी तक रहेगा।

31 जनवरी के रात से मौसम की चाल में बदलाव की संभावना है और इसके बाद हवा की दिशा उत्तर व उत्तर पश्चिमी होने जा रही है जिसके परिणामस्वरूप आगामी 1 फरवरी से 4 फरवरी तक दिल्ली में तापमान गिरने की उम्मीद है। महेश पलावत ने बताया कि शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ का ही असर था जो इस जनवरी का ये सबसे अधिक कम दिन रहा।

उन्होंने कहा कि 30 जनवरी को भी शुक्रवार की ही तरह आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। यानी दिल्लीवाले सर्दी में गर्मी का अहसास करने के लिए तैयार रहे।

प्रदूषण के स्तर की बात करें तो मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंसेस के प्रोजेक्ट सफर के अनुसार बृहस्पतिवार को पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) 2.5 का स्तर 197.6 माइक्रोग्राम क्यूबिक मीटर (एमजीसीएम) दर्ज हुआ था जो शुक्रवार को कम होकर 175.7 एमजीसीएम रह गया। इसी तरह पीएम 10 का स्तर बृहस्पतिवार को 319.5 एमजीसीएम था जो शुक्रवार को घटकर 285.7 एमजीसीएम रह गया। प्रदूषण के स्तर में 28 जनवरी के मुकाबले 29 जनवरी को आई कमी की एक अहम वजह आर्द्रता में आई गिरावट और हवा की रफ्तार रही।

शुक्रवार को राजधानी में आर्द्रता का अधिकतम 97 फीसद और न्यूनतम 46 फीसद रही। इसी तरह सुबह के समय उत्तर- पश्चिमी हवाओं की रफ्तार शुक्रवार को 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही। हालांकि शाम होते- होते हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पूर्वी हो गई और इसकी रफ्तार भी कम होकर 10 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज हुई।

बीते पांच सालों में 29 जनवरी को दर्ज अधिकतम व न्यूनतम तापमान

वर्ष अधि. न्यू.
2011 22 5
2012 22 5
2013 22 7
2014 24 10
2015 18 5
(सभी तामान डि.से. में)

chat bot
आपका साथी