अब उत्तर प्रदेश में कुमार विश्वास की मुश्किल डगर, कोर्ट ने जारी किया वारंट

कांग्रेस कार्यकर्ता से हुए विवाद में दर्ज मुकदमे में गैरहाजिरी पर स्थानीय अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिया है।

By JP YadavEdited By: Publish:Sun, 24 Sep 2017 09:53 AM (IST) Updated:Sun, 24 Sep 2017 07:21 PM (IST)
अब उत्तर प्रदेश में कुमार विश्वास की मुश्किल डगर, कोर्ट ने जारी किया वारंट
अब उत्तर प्रदेश में कुमार विश्वास की मुश्किल डगर, कोर्ट ने जारी किया वारंट

नई दिल्ली (नई दिल्ली/सुलतानपुर)। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता कुमार विश्वास की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। गत लोकसभा चुनाव के दौरान अमेठी जिले के कमरौली में आचार संहिता उल्लंघन व कांग्रेस कार्यकर्ता से हुए विवाद में दर्ज मुकदमे में गैरहाजिरी पर स्थानीय अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिया है।

मार्च 2014 में कवि कुमार विश्वास आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अमेठी संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में थे। 14 मार्च को जब वे कमरौली क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे थे, तभी सिंदुरवा गांव निवासी इसराक ठाकुर से उनका विवाद हो गया था।

इस मामले में कमरौली पुलिस ने विश्वास व उनके 60-65 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग व जान से मारने की धमकी आदि मामलों में रिपोर्ट दर्ज की थी। विवेचक ने आरोपपत्र स्थानीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार की अदालत में दाखिल कर दिया था।

प्रकरण की सुनवाई करते हुए शनिवार को आरोपी डॉ. विश्वास के उपस्थित न होने पर जमानती वारंट जारी कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई 30 अक्टूबर नियत की गई है।

इसके पहले भी गौरीगंज थाने में दर्ज आचार संहिता के मामले में अदालत उनके खिलाफ वारंट जारी कर चुकी है। उस मामले की भी पेशी अगले माह है।

chat bot
आपका साथी