तिहाड़ में महिला कैदियों ने काटा था बवाल, ताला तोड़ भागने की कोशिश

तिहाड़ की एकमात्र महिला जेल में कैदियों ने जेल तोड़कर भागने की पूरी साजिश रच ली थी। हालांकि यह वाकया 16 जून का है लेकिन जेल प्रशासन की नींद अभी तक उड़ी हुई है।

By Edited By: Publish:Fri, 07 Aug 2020 09:13 PM (IST) Updated:Fri, 07 Aug 2020 11:08 PM (IST)
तिहाड़ में महिला कैदियों ने काटा था बवाल, ताला तोड़ भागने की कोशिश
तिहाड़ में महिला कैदियों ने काटा था बवाल, ताला तोड़ भागने की कोशिश

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। तिहाड़ की एकमात्र महिला जेल में कैदियों ने जेल तोड़कर भागने की पूरी साजिश रच ली थी। योजना के तहत उन्होंने पहले जेल में ही बवाल काटा और फिर बैरक का ताला तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। घटना के दौरान परिस्थिति हाथ से निकलता देख जेलकर्मियों ने सायरन बजाकर सुरक्षाकर्मियों को मदद के लिए बुलाया। मौके पर पहुंची सुरक्षाकर्मियों की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया। इस पूरे प्रकरण में सुरक्षाकर्मियों के साथ कई महिला कैदी भी घायल हो गई थीं।

हालांकि यह वाकया 16 जून का है, लेकिन जेल प्रशासन की नींद अभी तक उड़ी हुई है। आलम यह है कि जेल संख्या छह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक विशेष दल का गठन किया गया है, जो स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखता है। इस घटना के बाद से महिला जेल की सुरक्षा को लेकर निगरानी को और अधिक बढ़ा दिया गया है। जेल सूत्रों का कहना है कि 16 जून की रात जेल में अफरातफरी का माहौल था। जब अधिकारियों को पता चला कि महिला कैदियों ने बैरक का ताला तोड़ दिया है तो उनके होश उड़ गए। ताला तोड़ने की घटना तिहाड़ में अभी तक कभी नहीं हुई। छानबीन के दौरान पता चला कि इस साजिश के पीछे विदेशी मूल की महिला कैदियों का दिमाग है।

विदेशी मूल की कुछ महिला कैदी वहां की अन्य महिला कैदियों को भी हमेशा भड़काती रहती हैं। इस बात को देखते हुए विदेशी महिला कैदियों पर जेल प्रशासन की विशेष नजर रहती है। बॉक्स बवाल में घायल हुई महिला कैदी की मौत 16 जून की रात को हुए बवाल में घायल हुई अफ्रीकी देश युगांडा मूल की महिला जेसका सारा काफीरो की डीडीयू अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। जेल अधिकारियों का कहना है कि जेसका के हाथ की एक हड्डी अपनी जगह से हट गई थी, जिसका इलाज चल रहा था। बेहतर उपचार के लिए उसे डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया। 25 जुलाई को ऑपरेशन के दौरान उसे बेहोशी की सूई दी गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। आशंका है कि मौत का कारण दिल का दौरा है। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की मजिस्ट्रेट जांच भी चल रही है।

chat bot
आपका साथी