ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल का आज से दिख सकता है असर, बढ़ सकते हैं चीजों के दाम

दिल्ली प्रदेश ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के मुताबिक, यदि यह हड़ताल जारी रहती है तो कुछ दिनों में बाजारों में वस्तुओं की किल्लत पैदा हो सकती है।

By JP YadavEdited By: Publish:Mon, 23 Jul 2018 08:43 AM (IST) Updated:Mon, 23 Jul 2018 08:43 AM (IST)
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल का आज से दिख सकता है असर, बढ़ सकते हैं चीजों के दाम
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल का आज से दिख सकता है असर, बढ़ सकते हैं चीजों के दाम

नई दिल्ली (जेएनएन)। ट्रांसपोर्टरों के राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार से दिख सकता है। शुक्रवार से जारी हड़ताल का अभी तक दिल्ली के बाजारों में ज्यादा असर नहीं है, लेकिन अब इससे परेशानी खड़ी हो सकती है। इसे देखते हुए कारोबारी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर उनसे हस्तक्षेप करने की मांग करने वाले हैं।

बता दें कि पेट्रो पदार्थो को जीएसटी के दायरे में लाने, थर्ड पार्टी बीमा प्रीमियम में इजाफा वापस लेने, जीएसटी के सरलीकरण आदि मांगों को लेकर आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर ट्रांसपोर्टर शुक्रवार से हड़ताल पर हैं। दिल्ली प्रदेश ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गुप्ता के मुताबिक, यदि यह हड़ताल जारी रहती है तो कुछ दिनों में बाजारों में वस्तुओं की किल्लत पैदा हो सकती है और उनके दाम बढ़ सकते हैं।

ट्रांसपोर्टर अभी माल की बुकिंग नहीं ले रहे हैं, जिससे दूसरे राज्यों में माल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उधर, दबी जुबान कुछ कारोबारियों ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के लिए कुछ ट्रांसपोर्टर बुकिंग ले रहे हैं, लेकिन किराया डेढ़ से दो गुना तक बढ़ा दिया है। हड़ताल के कारण माल की बुकिंग न होने से परेशान दिल्ली के कारोबारियों ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलने की तैयारी की है।

इस बारे में चैंबर आफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआइ) के संयोजक बृजेश गोयल ने कहा कि परिवहन मंत्री से मुलाकात कर उनसे हस्तक्षेप करने की मांग की जाएगी। ब्रजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली में रोजाना लगभग 500 करोड़ का कारोबार होता है और इससे केन्द्र और राज्य सरकार को करोड़ों का राजस्व मिलता है। अगर हड़ताल लंबी चली तो व्यापारियों को काफी नुकसान होगा।

chat bot
आपका साथी