दिल्ली के त्रिलोकपुरी में रंजिश के चलते पथराव कर फूंका घर,शादी के लिए खरीदा जेवर व नकदी जलकर राख

त्रिलोकपुरी में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने पथराव के बाद एक युवक का घर फूंक दिया। इस घटना में उनकी दो बहनों की शादी के लिए खरीदा गया सामान जेवर व नकदी जल कर खाक हो गई। आरोपितों ने उनकी स्कूटी भी तोड़ दी।

By Ashish GuptaEdited By: Publish:Fri, 04 Feb 2022 08:13 PM (IST) Updated:Fri, 04 Feb 2022 08:13 PM (IST)
दिल्ली के त्रिलोकपुरी में रंजिश के चलते पथराव कर फूंका घर,शादी के लिए खरीदा जेवर व नकदी जलकर राख
पीड़ित की शिकायत पर मयूर विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। त्रिलोकपुरी में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने पथराव के बाद एक युवक का घर फूंक दिया। इस घटना में उनकी दो बहनों की शादी के लिए खरीदा गया सामान, जेवर व नकदी जल कर खाक हो गई। आरोपितों ने उनकी स्कूटी भी तोड़ दी। यह घटना पीड़ित शाहनवाज की एक बहन अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर रही थीं, आरोपितों ने पत्थर मार कर उन्हें भी घायल कर दिया। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर मयूर विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एसीपी मयूर विहार की निगरानी में टीम गठित कर आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।पीड़ित शाहनवाज स्वजन के साथ त्रिलोकपुरी 32-33 ब्लाक के आंबेडकर कैंप में रहते हैं। उनके परिवार में माता-पिता, पांच बहनें और तीन भाई हैं। वह इलाके में ही मीट का कारोबार करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मार्च 2020 में उनकी दो बहनों की शादी थी। उसके लिए त्रिलोकपुरी 30 ब्लाक में रहने वाले शोएब को एक लाख दो हजार रुपये देकर टेंट बुक कराया था। पहले लाकडाउन की वजह से शादी स्थगित हो गई।

फिर किसी वजह से रिश्ता टूट गया।सितंबर 2020 में टेंट वाले से बुकिंग के रुपये वापस मांगने पर उनके बीच झगड़ा हो गया था। बाद समझौता हुआ कि टेंट वाला उन्हें हर महीने दस हजार रुपये लौटाएगा, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इस पर पीड़ित शाहनवाज के स्वजन ने अदालत का रुख कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि उनके परिवार पर इस केस को वापस लेने का कई बार दबाव बनाया जा चुका है।

इसे लेकर ही बृहस्पतिवार दोपहर टेंट वाले के रिश्तेदार रिजवान उर्फ भांडा ने सड़क पर उनकी पिटाई कर दी और धमका कर जाने लगा। इतने में उनके स्वजन ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से पुलिस को एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने नया मुकदमा दर्ज करने के साथ पुराने मामलों में उसकी गिरफ्तारी डाल दी।शाहनवाज का आरोप है कि रिजवान उर्फ भांडा की गिरफ्तारी से नाराज नाजिम, उसका भाई इमरान उर्फ कल्लू, फाजिल, शोएब और उनके 15-20 साथी उनके घर के बाहर पहुंच गए। उनके हाथ में लाठी, डंडे, तेजाब और पेट्रोल की बोतलें थीं। पहले तो आरोपितों ने घर के बाहर खड़ी उनकी स्कूटी तोड़ी।

ये भी पढ़े- पाकिस्तान से मेल जनरेट कर लकी ड्रा के नाम पर महिला से 2.4 करोड़ रुपये की ठगी, सात साल बाद पहुंचा सलाखों के पीछे

फिर आरोपितों ने पथराव शुरू कर दिया। हमले के वक्त शाहनवाज की बहनें नीचे खाना बना रही थीं, जो तत्काल घर की पहली मंजिल पर चली गईं। इतने में आरोपित उनके घर के भूजल पर बने कमरे में घुस गए और उसे आग लगा दी। पीड़ित का दावा है कि कमरे में उनकी बहन की शादी के लिए खरीदा गया सामान, जेवर और करीब तीन लाख रुपये जल गए। यह भी बताया कि वीडियो बना रही उनकी बहन को आरोपितों ने पत्थर मार दिया, जिससे वह घायल हो गईं। जब तक इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस पहुंची। आरोपित फरार हो गए। चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। वीडियो फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। आरोपितों की सीडीआर लोकेशन खंगाली जा रही है। एसीपी मयूर विहार की निगरानी में टीमें बनाई गई हैं, जो आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं। प्रियंका कश्यप, पूर्वी जिला डीसीपी

chat bot
आपका साथी