निगम के शिक्षकों ने हर परिस्थिति में आगे बढ़ कर कार्य किया : जय प्रकाश

शिक्षकों को सम्मानित करने के बाद जय प्रकाश ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम जिन परिस्थितियों में कार्य कर रहा है वह किसी से छिपा नहीं है। निगम के शिक्षकों ने हर परिस्थिति में आगे बढ़ कर कार्य किया है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 04:39 PM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 04:39 PM (IST)
निगम के शिक्षकों ने हर परिस्थिति में आगे बढ़ कर कार्य किया : जय प्रकाश
उत्तरी दिल्ली निगम के 25 उत्कृष्ट शिक्षक किए गए सम्मानित।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तरी दिल्ली नगर निगम की ओर से आयोजित निगम शिक्षक सम्मान समारोह-2020 में 25 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। महापौर जय प्रकाश ने इन शिक्षकों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह दिए। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग की ओर से प्रकाशित परिचायिका व पूर्व नर्सरी अभ्यास पुस्तक का विमोचन भी किया गया। शिक्षकों को सम्मानित करने के बाद जय प्रकाश ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम जिन परिस्थितियों में कार्य कर रहा है वह किसी से छिपा नहीं है। निगम के शिक्षकों ने हर परिस्थिति में आगे बढ़ कर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल इंडिया नाम से एक योजना शुरू की थी, जिसे निगम के शिक्षकों ने ऑनलाइन शिक्षण के माध्यम से आगे बढ़ाने का कार्य किया।

महापौर ने कहा कि जब पूरा विश्व कोरोना संकट में था तब उत्तरी दिल्ली नगर निगम के शिक्षकों ने गरीब लोगों की मदद करने के लिए विद्यालयों में राशन बांटने का कार्य किया। जय प्रकाश ने बताया कि दिल्ली सरकार ने अपने बजट में निगम को 2090 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी, जिसमें से अब भी 743 करोड़ रुपये निगम का बकाया है। उत्तरी निगम विपरीत परिस्थितियों में भी अपने राजस्व को बढ़ाने का प्रयास कर रही है, वहीं मौके पर मौजूद उपमहापौर ऋतु गोयल ने कहा कि उत्तरी निगम के विद्यालयों में तीन लाख बच्चे पढ़ते हैं, जिनको 7000 निगम शिक्षक प्राथमिक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा का व्यक्तित्व के निर्माण में अहम योगदान होता है।

स्थायी समिति के अध्यक्ष छैल बिहारी गोस्वामी ने कहा कि उत्तरी निगम के विद्यालय प्रतिभा में किसी भी निजी विद्यालय से कम नहीं हैं। वहीं, नेता सदन योगेश वर्मा ने कहा कि जब हम शिक्षकों का सम्मान करते हैं तो उसमें हमारा सम्मान भी होता है। उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी के जीवन में माता-पिता और शिक्षक अहम भूमिका निभाते हैं।

chat bot
आपका साथी