Rishi Kapoor: अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर सीएम केजरीवाल व गौतम गंभीर ने जताया शोक

सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि अभिनेता ऋषि कपूर के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने अपने पूरे करियर में भारतीयों की कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 30 Apr 2020 10:56 AM (IST) Updated:Thu, 30 Apr 2020 12:03 PM (IST)
Rishi Kapoor: अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर सीएम केजरीवाल व गौतम गंभीर ने जताया शोक
Rishi Kapoor: अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर सीएम केजरीवाल व गौतम गंभीर ने जताया शोक

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं ने शोक जताया है। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि अभिनेता ऋषि कपूर के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ।

सीएम ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में भारतीयों की कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया। उनके निधन से फिल्म दुनिया को काफी नुकसान हुआ है। शोकग्रस्त परिवार के प्रति मेरी संवेदना। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

 उधर, पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ऋषि कपूर आइकन थे। गंभीर ने कहा कि जब मैं बच्चा था तब ऋषि कपूर के अभिनय से ज्यादा प्रभावित था। उन्हें उनकी फिल्में आज भी याद हैं। मैं उनके परिवार और प्रियजनों के लिए प्रार्थना करता हूं कि इस दुख घड़ी को भगवान सहन करने की क्षमता दें।

उत्तर-पश्चिम दिल्ली से लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद व जाने-माने गायक हंस राज हंस ने भी ऋषि कपूर के निधन पर शोक पर जताया है। ट्वीट कर उन्होंने कहा कि एक और अभिनेता का निधन। यह चौंकाने वाला है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।

अभिनेता इरफान खान के निधन पर जताया था शोक

इससे पहले अपनी अदायगी से किरदार को जीवंत बनाने वाले 53 वर्षीय अभिनेता इरफान नहीं रहे। कोलन संक्रमण के कारण उन्हें मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह उनके दुनिया से रुखसत होने की खबर आई और दोपहर तीन बजे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उनके निधन पर सीएम केजरीवाल समेत कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया ।

अपनी आखिरी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ का ट्रेलर रिलीज होने के वक्त ऑडियो मैसेज में इरफान ने कहा था, ‘मेरे शरीर के अंदर अनवान्टेड मेहमान बैठे हैं। उनसे वार्तालाप चल रहा है। देखते हैं, ऊंट किस करवट बैठता है।’ ऊंट ने ऐसी करवट ली कि बुधवार को उनके इंतकाल की खबर आ गई। शनिवार को जयपुर में उनकी अम्मी सईदा बेगम का भी इंतकाल हो गया था। लॉकडाउन के कारण वह वीडियो कॉल से ही अंतिम दर्शन कर पाए थे। बता दें कि इरफान को 2012 में नई दिल्ली में हुए जागरण फिल्म फेस्टिवल में ‘पान सिंह तोमर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया था।

chat bot
आपका साथी