राजधानी में आज भी तेज आंधी के साथ बारिश के आसार, तापमान लुढ़क कर 17 डिग्री पहुंचा

मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

By Ramesh MishraEdited By: Publish:Sat, 07 Apr 2018 08:56 AM (IST) Updated:Sat, 07 Apr 2018 01:51 PM (IST)
राजधानी में आज भी तेज आंधी के साथ बारिश के आसार, तापमान लुढ़क कर 17 डिग्री पहुंचा
राजधानी में आज भी तेज आंधी के साथ बारिश के आसार, तापमान लुढ़क कर 17 डिग्री पहुंचा

नई दिल्‍ली [ जेएनएन ]।  चक्रवाती हवाओं के कारण राजधानी दिल्‍ली समेत पूरे एनसीआर में शुक्रवार की शाम तेज आंधी के साथ बारिश ने तप रही दिल्‍ली को बड़ी राहत दी। इस बदलाव के साथ तापमान में आठ डिग्री की गिरावट आई। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

शुक्रवार की शाम न्‍यूनतम तापमान तेजी से लुढ़क गया। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, पूर्व मानसून बारिश और तेज आंधी के चलते जनजीवन अस्‍तव्‍यस्‍त हो गया। कई जगहों पर पेड़ों के गिरने से आवागमन बाधित रहा, तो कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। मौसम खराब होने से दिल्ली आ रही 24 उड़ानों को डायवर्ट किया गया।

अभी तीन दिनों तक रहेगी राहत

मौसम विभाग का दावा है कि अगले 4-5 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की बारिश की संभावना भी है। इसके चलते पिछले काफी समय से गर्मी झेल रहे दिल्लीवासियों को अब मॉनसून पूर्व की गतिविधियां गर्मी से राहत दिलाएंगी। 9 और 10 अप्रैल को सबसे अधिक असर रहेगा। तापमान भी 33 से 34 डिग्री पहुंच सकता है।

मध्य पाकिस्तान के चक्रवाती हवाओं का असर

मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब व हरियाणा में इस समय चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा कश्मीर के पास भी एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है। चक्रवाती हवाओं के चलते दिल्ली में हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी से बदलकर दक्षिण पूर्वी हो गई है। इस हवा के साथ नमी आ रही है। अगले कुछ दिनों में मानसून पूर्व हलचलें दिल्ली में तेज होगी जो गर्मी से राहत दिलवाएंगी।

शुक्रवार को हवा की रफ्तार 25 से 28 किलोमीटर तक रही

शुक्रवार को सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। आसमान में छाए बादलों ने धूप को टिकने नहीं दिया। दिन के समय कभी कभार बादलों को चीरकर हल्की धूप ने निकलने की कोशिश जरूर की लेकिन बादलों ने सूर्य को टिकने नहीं दिया। हवा की रफ्तार इस दौरान 25 से 28 किलोमीटर तक रही। इसकी वजह से लोगों को हल्की ठंड का अहसास भी हुआ। बारिश अधिक नहीं हुई लेकिन हवा ने मौसम को खुशनुमनुमा बनाए रखा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर अधिकतम 68 और न्यूनतम 32 फीसद दर्ज किया गया।

रेवाड़ी में बारिश; ओले भी गिरने की खबर

हरियाणा के रेवाड़ी में हल्की बूंदाबांदी के साथ ओले गिरने की भी सूचना है, जिससे गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। आंधी चलने के दौरान आलम यह था कि वाहन चालकों को लाइट जलाकर सड़क पर सफर तय करना पड़ा, तो पैदल चलने वालों को धूल का सामना करना पड़ा। 

कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। इससे पूर्व धूल भरी आंधी आई, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में नुकसान हो सकता है। बता दें कि सरसों की पूरी फसल लगभग काटी जा चुकी है, जबकि गेहूं की लगभग 30 फीसद फसल अभी खेतों में खड़ी हुई है। फिलहाल अधिक नुकसान नहीं है, लेकिन किसानों को कटी हुई गेहूं को सुखाने के लिए अतिरिक्त श्रम करना होगा।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार एक हफ्ते तक  तापमान अधिक नहीं रहेगा। लेकिन 10 अप्रैल के बाद गर्मी तेजी से बढ़ेगी। इसके बाद काफी दिनों तक किसी पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता नहीं दिखाई दे रही है। इसकी वजह से लंबे समय तक गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

chat bot
आपका साथी