राष्ट्रपति ने AAP विधायक दल के नेता केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया

राष्ट्रपति ने AAP विधायक दल के नेता अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Fri, 14 Feb 2020 09:16 PM (IST) Updated:Sat, 15 Feb 2020 12:59 AM (IST)
राष्ट्रपति ने AAP विधायक दल के नेता केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया
राष्ट्रपति ने AAP विधायक दल के नेता केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया

नई दिल्ली, एएनआइ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आम आदमी पार्टी के विधायक दल के नेता अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। राष्ट्रपति भवन की तरफ से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। केजरीवाल रविवार को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्हें उपराज्यपाल अनिल बैजल पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएगें।

केजरीवाल के अलावा मनीष सिसोदिया, सतेंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र पाल गौतम भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। ये सभी मंत्री केजरीवाल मंत्रीमंडल में पिछले कार्यकाल में भी रह चुके हैं।

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आम आदमी पार्टी को 70 विधानसभा सीटों में से 62 सीटें मिली हैं जबकि भाजपा ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की है। 11 फरवरी को घोषित किए गए नतीजों के बाद 12 फरवरी को आम आदमी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई थी। बैठक में अरविंद केजरीवाल को विधायक दल का नेता चुना गया था। 

इससे पहले केजरीवाल कैबिनेट में कुछ नए मंत्रियों को लाए जाने की अटकलें चल रही थीं, मगर पार्टी ने इसे खारिज कर दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने कहा है कि जब पुराने  मंत्री हमें अपने काम के दम पर चुनाव जिताकर लाए हैं। ऐसे में इन मंत्रियों को बदलने का सवाल ही नहीं उठता है। 

विधानसभा सत्र का आयोजन अगले सप्ताह होने की उम्मीद

नवगठित दिल्ली विधानसभा का दो दिवसीय सत्र विधायकों को शपथ दिलाने के लिए अगले सप्ताह आयोजित होने की संभावना है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह सत्र 18  और 19 फरवरी को आयोजित होने की उम्मीद है। सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक को अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। छठी विधानसभा में अध्यक्ष रहे शाहदरा से विधायक रामनिवास गोयल सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक हैं। 

chat bot
आपका साथी