UP: टक्कर के बाद कार की छत पर मैनेजर को 10 KM घुमाया, लोग बनाते रहे वीडियो

पंजाबी बाग फ्लाईओवर के पास तीन गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। इस दौरान एक गाड़ी में एक परिवार के आठ लोग थे, जिसमें जहां एक महिला की मौत हो गई है

By JP YadavEdited By: Publish:Sat, 10 Nov 2018 01:26 PM (IST) Updated:Sat, 10 Nov 2018 06:47 PM (IST)
UP: टक्कर के बाद कार की छत पर मैनेजर को 10 KM घुमाया, लोग बनाते रहे वीडियो
UP: टक्कर के बाद कार की छत पर मैनेजर को 10 KM घुमाया, लोग बनाते रहे वीडियो

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली और इससे सटे गाजियाबाद में दो भीषण सड़क हादसे हुए, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, तो कई लोग घायल हैं। पहली घटना में गाजियाबाद में कार सवार ने मैनेजर को टक्कर मारने के बाद उसे कार की छत पर आधे घंटे तक 10 किलोमीटर घुमाया। वहीं, दूसरी घटना में दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में नशे में धुत एक लड़की ने अपनी कार से कई गाड़ियों में टक्कर मार दी, जिससे 38 साल की पूनम की मौत हो गई, वहीं एक लड़की बुरी तरह घायल है।  

वहीं, पहले सड़क हादसे में गाजियाबाद में शुक्रवार को रोडरेज के दौरान युवक ने हिंडन एयरबेस के सामने एक कंपनी के मैनेजर को कार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मैनेजर कार की छत पर जा गिरे। इसके बाद भी आरोपित ने कार नहीं रोकी और उन्हें आधे घंटे तक 10 किमी तक घुमाता रहा। इस दौरान पुलिस आरोपित का पीछा करती रही व राहगीर वीडियो बनाते रहे।

दिल्ली के पीतमपुरा निवासी राजेश दीवान गुरुग्राम की एक एक्सपोर्ट कंपनी में परचेजिंग मैनेजर हैं। वह बृहस्पतिवार शाम सात बजे गाजियाबाद के मोहन नगर में दोस्त से मिलने अपनी कार से जा रहे थे। हिंडन एयरबेस के सामने मामूली जाम था। इसी दौरान पीछे से आया कार सवार युवक उन्हें टक्कर मारकर भागने लगा। राजेश ने उसका पीछा किया। करहैड़ा पुल के पास जाम में आरोपित ने कार रोकी तो राजेश उसके सामने पहुंच गए। युवक ने उन्हें जोर से टक्कर मारी तो वह उछलकर आरोपित की कार की छत पर जा गिरे। आरोपित कार को भगाता रहा। सिहानी चुंगी जाम में युवक को कार रोकनी पड़ी तो लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित की पहचान भुवनदेव शर्मा (26) निवासी राजनगर एक्सटेंशन के रूप में हुई है। भुवनदेव एलएलबी पास है।

दिल्ली में फिर ड्रिंक एंड ड्राइवः नशे में धुत लड़की ने अपनी कार से तीन गाड़ियों में मारी टक्कर
दूसरी घटना में दिल्ली में एक बार फिर नशे व रफ्तार का कॉकटेल देखने को मिला है और यह एक परिवार पर भारी पड़ा है। दरअसल, दिल्ली के पंजाबी बाग फ्लाईओवर के पास नशे में गाड़ी चला रही एक लड़की ने तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और कई घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, टक्कर के दौरान पंजाबी बाग फ्लाईओवर के पास तीन गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। इस दौरान एक गाड़ी में एक परिवार के आठ लोग थे, जिसमें जहां एक महिला की मौत हो गई है, जबकि उसकी बेटी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है। हादसा पंजाबी बाग फ्लाईओवर पर शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे हुआ।

बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली कार को एक लड़की ही चला रही थी, जबकि इस कार में सवार दो लड़के और लड़की भी नशे में धुत थे। टक्कर मारने वाली गाड़ी की ड्राइवर सीट से कार चला रही लड़की को बाहर निकाला गया। गाड़ी में मौजूद चारों लोग नशे की हालत में थे और टक्कर मारने वाली लड़की तो नशे में धुत थी। 

जानकारी के मुताबिक, एक परिवार के आठ लोग गाड़ी में सवार होकर घर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक डिवाइडर को तोड़ती एक कार उनकी गाड़ी से भिड़ गई। तेज टक्कर से पूनम (38) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई। 

एक प्रत्यक्षदर्शी की मानें तो कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी की वह डिवाइडर फांद कर दूसरी गाड़ी से जा टकराई। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली कार में दो लड़कियां और दो लड़के थे। पुलिस  ने बताया कि सभी लोगों की मेडिकल जांच कराई गई तो पता चला कि सभी नशे में थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

 यह भी पढ़ेंः जानें- किसे कहा जाता है 'बुद्धिमान मूर्ख राजा’, खुशी में देता गिफ्ट; गुस्से में करता था कत्ल

chat bot
आपका साथी