राजौरी गार्डन By Poll: कांग्रेस ने झोंकी ताकत, आखिरी दिन सिद्धू का रोड शो

नवजोत सिद्धू ने कहा कि पंजाब के भ्रष्टाचार का पैसा राजौरी गार्डन के उपचुनाव में विरोधी पार्टियां लगा रही हैं। भाजपा व आम आदमी पार्टी को पंजाब की जनता ने करारा जवाब दिया है।

By JP YadavEdited By: Publish:Sat, 08 Apr 2017 08:14 AM (IST) Updated:Sat, 08 Apr 2017 05:19 PM (IST)
राजौरी गार्डन By Poll: कांग्रेस ने झोंकी ताकत, आखिरी दिन सिद्धू का रोड शो
राजौरी गार्डन By Poll: कांग्रेस ने झोंकी ताकत, आखिरी दिन सिद्धू का रोड शो

नई दिल्ली (जेएनएन)। राजौरी गार्डन विधानसभा उपचुनाव के अंतिम दिन कांग्रेस ने पंजाब के मंत्री और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को प्रचार में उतारा। उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी चंदीला के समर्थन में रोड शो कर रहे पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने भाषण में आप व भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

भाषण में कई बार अमर्यादित टिप्पणी करने से भी उन्होंने परहेज नहीं किया और जनता ने उनकी बातों पर जमकर तालियां बजाई। पांच किलोमीटर तक चला यह रोड शो ढाई घंटे में पूरा हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ उनके साथ चल रही थी।

नवजोत सिंह सिद्धू सड़क के दोनों ओर हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे और उनसे कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे थे। नवजोत सिंह सिद्धू को देखने के लिए लोग जहां सड़कों पर उतर आए थे, वहीं घरों की छतों पर भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे।

राह चलते लोग भी सिद्धू से हाथ मिलाने का मौका नहीं छोड़ते दिखे। रोड शो के दौरान बीच में एक स्कूल बस आकर रुक गई थी। उसमें छोटे-छोटे बच्चे थे। जब उन बच्चों ने सिद्धू के आने की बात सुनी तो सभी ने अपने हाथ बस के बाहर निकाल कर सिद्धू का ध्यान आकृष्ट किया। सिद्धू ने उनको भी निराश नहीं किया और उनसे हाथ मिलाने के बाद ही वे आगे निकले।

नवजोत सिद्धू ने कहा कि पंजाब के भ्रष्टाचार का पैसा राजौरी गार्डन के उपचुनाव में विरोधी पार्टियां लगा रही हैं। भाजपा व आम आदमी पार्टी को पंजाब की जनता ने करारा जवाब दिया है। ऐसे में अब आपकी बारी है। कांग्रेस विकास की राजनीति में विश्वास करती है।

कांग्रेस पार्टी नई ऊर्जा व जोश के साथ देश में विकास करेगी। उन्होंने इस दौरान कई शायरी कह कर लोगों की खूब तालियां बटोरी। भाषण में उन्होंने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि दिल्ली की जनता ढाई वर्ष से देख रही है कि किस कदर आप की सरकार में भ्रष्टाचार व्याप्त है। ऐसे में इस बार जनता दोबारा से वह गलती नहीं करेगी। राजौरी गार्डन विधानसभा सीट पर कांग्रेस की भारी मतों से जीत सुनिश्चित है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि तीन साल बाद भी अब तक लोकपाल की नियुक्ति नहीं हुई है। कांग्रेस के शासनकाल में लोकपाल के लिए आंदोलन करने वाले लोग अब क्यों चुप बैठे हुए हैं।

chat bot
आपका साथी