शाह ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई शुरू की है

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ देश में बड़ी लड़ाई शुरू की है। काले धन पर नकेल कसने के लिए कड़े कानून बनाए गए हैं।

By Edited By: Publish:Mon, 11 Feb 2019 07:57 PM (IST) Updated:Mon, 11 Feb 2019 08:53 PM (IST)
शाह ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई शुरू की है
शाह ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई शुरू की है

नई दिल्ली, जेएनएन। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ देश में बड़ी लड़ाई शुरू की है। काले धन पर नकेल कसने के लिए कड़े कानून बनाए गए हैं जिससे कोई बच नहीं सकता है। पहले घोटाले करने वाले सत्ता में बैठे लोगों के भागीदार थे, इसलिए देश से नहीं भागते थे। चौकीदार के आने के बाद से सारे लुटेरे भागने लगे हैं।

वह पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित समर्पण दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कहा कि पंडित दीनदयाल ने राजनीति में जिस विचारधारा की शुरुआत की थी उसे भाजपा कार्यकर्ता आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि ध्येय को प्राप्त करने का साधन शुद्ध होना चाहिए।

हमारे ध्येय को प्राप्त करने का साधन भाजपा का संगठन है। हम सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और गरीब कल्याण के ध्येय को लेकर आगे बढ़े हैं। इस देश में कोई भूखा न हो, कोई बीमार न हो, कोई अनपढ़ न हो इस प्रकार के ध्येय की रचना करना अन्त्योदय के आधार पर ही हो सकती है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने सभी राजनीतिक पार्टियों पर कालेधन के प्रभाव को नकेल कसने का काम किया है। दो हजार रुपये से ज्यादा का चंदा कोई भी राजनीतिक दल कैश में नहीं ले सकता, इसकी शुरुआत मोदी ने की है। विगत चार साल में पार्टी ने समर्पण दिवस और आजीवन सहयोग निधि को वैज्ञानिक रूप से आगे बढ़ाने की शुरुआत की है। इस पर और ध्यान देने की जरूरत है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन न केवल भाजपा बल्कि सभी दलों के लिए प्रेरक हैं। सभी कार्यकर्ताओं की चिंता करते हुए संगठन का विस्तार कैसे किया जा सकता है यह बात उनके जीवन से सीखा जा सकता है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सभी से समर्पण दिवस के अवसर पर नमो एप के माध्यम से पार्टी को पांच रुपये से एक हजार रुपये तक चंदा देने की अपील की। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय मंत्री तरुण चुघ, लोकसभा सहप्रभारी जयभान सिंह पवैया, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, सांसद मीनाक्षी लेखी, प्रवेश वर्मा, महेश गिरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया, रविंद्र गुप्ता, कुलजीत चहल, प्रदेश कोषाध्यक्ष विष्णु मित्तल, आजीवन सहयोग निधि प्रमुख सुमन कुमार गुप्ता आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी