हिंसा व शराब तस्करी रोकने के लिए दिल्‍ली पुलिस लेगी पड़ोसी राज्‍यों से मदद

आम चुनाव 2019 के मद्देनजर राजभवन में दिल्ली पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसकी अध्यक्षता उपराज्यपाल अनिल बैजल ने की।

By Edited By: Publish:Thu, 21 Feb 2019 08:06 PM (IST) Updated:Thu, 21 Feb 2019 09:53 PM (IST)
हिंसा व शराब तस्करी रोकने के लिए दिल्‍ली पुलिस लेगी पड़ोसी राज्‍यों से मदद
हिंसा व शराब तस्करी रोकने के लिए दिल्‍ली पुलिस लेगी पड़ोसी राज्‍यों से मदद

नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर राजभवन में दिल्ली पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसकी अध्यक्षता उपराज्यपाल अनिल बैजल ने की। इस मौके पर उन्होंने हिंसा, आतंकी गतिविधियां, अवैध शराब के वितरण सहित नशीले पदार्थों की तस्करी पर पुलिस को सख्ती बरतने का निर्देश दिया। इसकी रोकथाम के लिए दिल्ली पुलिस को पड़ोसी राज्यों और जिलों के अधिकारी के साथ समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं, उपराज्यपाल ने आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों के निबटारे के लिए दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत पर बल दिया। बैठक की शुरुआत में दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी लाइसेंस प्राप्त हथियार धारकों, जमानत पर रिहा लोगों और आपराधिक प्रवृति के लोगों की सूची बना ली गई है।

इसके साथ ही बूथ कैप्चरिंग में शामिल व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता की समीक्षा दिल्ली पुलिस द्वारा की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि हिस्ट्रीशीटर व फरार बदमाशों के अलावा शराब तस्करों पर रोकथाम के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

उपराज्यपाल को यह भी बताया गया कि चुनावों की तारीखों की घोषणा होते ही संपत्ति के नुकसान, बिना अनुमति वाहनों व लाउडस्पीकरों के दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाएगी। इसके साथ ही चुनावी कदाचार से निपटने और धन के दुरुपयोग करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।

पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस उपायुक्त व एसएचओ को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद जिले के प्रत्येक इंस्पेक्टर से लेकर कांस्टेबल स्तर तक के कर्मियों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों को नकदी और शराब की तस्करी की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

निर्देश दिए गए कि दिल्ली पुलिस आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायतों के प्रभावी निवारण के लिए कंट्रोल रूम प्रबंधन पर ध्यान दें, ताकि आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों का निवारण तुरंत किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने चुनाव के दौरान सुरक्षा जरूरतों के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय और अन्य तमाम एजेंसियों को पहले ही सूचित करने को कहा। हिंसा, आतंकी गतिविधियां की रोकथाम इत्यादि के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय पर जोर दिया।

बैठक में दिल्ली पुलिस ने उपराज्यपाल को बताया कि सीमाओं पर संयुक्त जांच, सीमावर्ती कालोनियों में किरायेदारों के सत्यापन, शराब की तस्करी, अंतरराज्यीय अपराधियों, अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के तहत दिल्ली से सटे राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक हो गई है। इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य सचिव, (गृह), दिल्ली पुलिस आयुक्त, दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त एवं संयुक्त आयुक्त, आबकारी आयुक्त एवं विशेष परिवहन सचिव मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी