Delhi NCR Weather Forecast: ठंड से परेशान दिल्ली-NCR के करोड़ों लोगों को कब मिलेगी राहत

Delhi NCR Weather Forecast 27 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान कुछ बढ़ सकता है। इससे ठंड से राहत मिलेगी।

By JP YadavEdited By: Publish:Wed, 22 Jan 2020 08:15 AM (IST) Updated:Wed, 22 Jan 2020 08:19 PM (IST)
Delhi NCR Weather Forecast: ठंड से परेशान दिल्ली-NCR के करोड़ों लोगों को कब मिलेगी राहत
Delhi NCR Weather Forecast: ठंड से परेशान दिल्ली-NCR के करोड़ों लोगों को कब मिलेगी राहत

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi NCR Weather Forecast:  पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ केंद्र शासित प्रदेश जम्मू व कश्मीर में लगातार हो रही भारी बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में बुधवार सुबह  न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कोहरे के चलते वाहन चालकों को भारी दिक्कत पेश आई। कई जगहों पर जीरो विजिबिलिटी के कारण वाहन चालक परेशान हुए।

दिल्ली-एनसीआर में होगा ठंड में इजाफा

उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद चल रही हवा के कारण दिल्ली में ठंड बढ़ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मौसम के रुख में बदलाव आया। इससे दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़कर 9.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 62 से 100 फीसद तक दर्ज किया गया। बुधवार को आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान थोड़ा गिरकर 8 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि आने वाले दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना है। इसके अलावा दिन में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। अभी एक हफ्ते तक सुबह के समय कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इसी दौरान पश्चिमी विक्षोभ की संभावनाएं बन रही हैं। इससे हवा का रुख बदलेगा और 27 को हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान कुछ बढ़ सकता है।

फिर बढ़ने लगा दिल्ली-एनसीआर का प्रदूषण

ठंड बढ़ने के कारण दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर भी फिर बढ़ने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 364 दर्ज किया गया। एनसीआर की बात करें तो नोएडा में एयर इंडेक्स 361, फरीदाबाद में 344, गाजियाबाद में 398, ग्रेटर नोएडा में 346 और गुरुग्राम में 290 दर्ज हुआ। यानी गुरुग्राम को छोड़कर सभी जगह की हवा बहुत खराब श्रेणी में रही। पीएम 10 का स्तर भी बढ़कर 301 और पीएम 2.5 का स्तर 186 पर पहुंच गया।

chat bot
आपका साथी