Yamuna flood: 10 पाइंट में जानिए दिल्ली में बाढ़ की आशंका को लेकर अब क्या रही अपडेट्स

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इसकी वजह से 40 साल बाद दिल्ली में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Mon, 19 Aug 2019 10:05 PM (IST) Updated:Mon, 19 Aug 2019 10:05 PM (IST)
Yamuna flood: 10 पाइंट में जानिए दिल्ली में बाढ़ की आशंका को लेकर अब क्या रही अपडेट्स
Yamuna flood: 10 पाइंट में जानिए दिल्ली में बाढ़ की आशंका को लेकर अब क्या रही अपडेट्स

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इसकी वजह से 40 साल बाद दिल्ली में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। अब आपको 10 पाइंट्स बताते हैं सोमवार को दिनभर यमुना के जलस्तर को लेकर क्या-क्या अपडेट्स रहीं।

1- हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज से रविवार को 8 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार शाम को यमुना नदी में पानी खतरे के निशान को पार कर गया। अभी भी लगातार जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। माना जा रहा है कि मंगलवार तक यमुना से सटे कई इलाकों में पानी घुस सकता है। हांलाकि प्रशासन ने संभावित इलाकों में बाढ़ से निपटने के लिए जरुरी इंतजाम किए हैं।

 2- बाढ़ की आशंका को लेकर सोमवार को दिल्ली सरकार ने समीक्षा और बाढ़ के उपायों पर चर्चा के लिए आपात बैठक बुलाई। बैठक की अध्यक्षता खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की। केजरीवाल ने बताया कि लोगों के लिए 2120 टेंट लगाए गए हैं। सभी फोर्स मिलकर काम कर रहे हैं। बाढ़ से बचाव के लिए 53 नाव उपलब्ध हैं। ये 30 विभिन्न स्थानों पर लगा दी गई हैं।

केजरीवाल ने बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोमवार छह बजे तक लोग राज्य सरकार द्वारा बनाए गए टेंट में पहुंच जाएं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार 24 घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि सरकार ने लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। पीड़ित किसी प्रकार की मदद के लिए 011-22421656 और 011- 21210849 पर फोन कर सकते हैं।

3- यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोहा पुल पर आवागमन को दोनो तरफ से बंद कर दिया। पुलिस ने ऐसा कदम लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया है। पुलिस के अनुसार, अगले आदेश तक पुराने लोहे के पुल पर यातायात बंद रहेगा।

4-यमुना का जलस्तर बढऩे के कारण लोगों को यमुना खादर से निकाला जा रहा है। वहीं, कालिंदी कुंज पर यमुना में पानी बढ़ने के बाद पानी साफ हो गया है, इसलिए यहां लोग सोमवार को नहाते देखे गए।

5-पुरानी दिल्ली रेलवे पुल पर सुबह 8 बजे का जलस्तर 204.56 मीटर था, लेकिन 9 बजते-बजते यह 204.70 हो गया। इससे पहले ही यमुना अपने चेतावनी संदेश 204.50 मीटर को पार कर गई है। सोमवार रात तक यमुना अपने खतरे के निशान 205.33 को पार कर गई।

6- ऐसे बढ़ता गया यमुना का जलस्तर

2: 00 बजे 205.14 (जलस्तर)

3 : 00 बजे 205.20 (जलस्तर)

4: 00 बजे 205. 28 (जलस्तर)

5:00 बजे 205. 32 (जलस्तर)

6:00 बजे 205. 36 (जलस्तर)

7:00 बजे 205. 40 (जलस्तर)

8:00 बजे 205. 50 (जलस्तर)

9:00 बजे 205. 54 (जलस्तर)

7-हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से रविवार को 14 घंटे में 8 लाख तीन हजार 960 क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया है। यह पानी 36 घंटे में दिल्ली पहुंचेगा यानी मंगलवार शाम तक जलस्तर में और इजाफा होना तय है। ऐसे में पानी के दिल्ली पहुंचने पर बाढ़ के आसार बने हुए हैं।

8- अगर बाढ़ आई तो उस्मानपुर पुराना गांव, गढ़ी माडू, कश्मीरी गेट, लोहे वाला पुल, गांधी नगर, गीता कॉलोनी, किशन कुंज, मयूर विहार सहित अन्य खादर इलाकों में रहने वाले हजारों की संख्या में लोग प्रभावित होंगे। पूर्वी जिले के अतिरिक्त जिलाधिकारी अरुण गुप्ता ने बताया कि सबसे ज्यादा पूर्वी जिले के इलाके प्रभावित होते हैं, यहां खादर इलाकों में पांच हजार लोग रहते हैं।

9- सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने गीता कॉलोनी स्थित पूर्वी जिलाधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया है, जो 24 घंटे काम करेगा। आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-22051234 भी जारी किया है, कोई भी व्यक्ति जलस्तर से संबंधित जानकारी ले सकता है। अगर कोई व्यक्ति बाढ़ में फंस गया है तो वह इस नंबर पर फोन करके मदद ले सकता है।

10-सोमवार को पुराने लोहे के पुल के नीचे बनी कई झुग्गियां पानी में डूब गई। यमुना खादर इलाकों में रहने वाले लोग अपना बोरिया बिस्तर समेट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने लगे। हज़ारों की संख्या में लोग यमुना की बाढ़ से प्रभावित हो रहे है।

ये भी पढ़ेंः खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा यमुना नदी का जलस्तर, 40 साल बाद दिल्ली पर बाढ़ का खतरा

chat bot
आपका साथी