दिल्ली में जारी रहेगा गर्मी का सितम, अांधी-तूफान के बाद मौसम के बदले मिजाज से लोग परेशान

आने वाले दिनों में दिल्ली में प्रचंड गर्मी के संकेत हैं। तापमान 43 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा।

By JP YadavEdited By: Publish:Tue, 22 May 2018 07:36 AM (IST) Updated:Tue, 22 May 2018 02:31 PM (IST)
दिल्ली में जारी रहेगा गर्मी का सितम, अांधी-तूफान के बाद मौसम के बदले मिजाज से लोग परेशान
दिल्ली में जारी रहेगा गर्मी का सितम, अांधी-तूफान के बाद मौसम के बदले मिजाज से लोग परेशान

नई दिल्ली (जेएनएन)। तकरीबन एक पखवाड़े से रुक-रुक कर आ रहे आंधी-तूफान के बाद अब दिल्ली-एनसीआर के साथ पूरे उत्तर भारत के मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सप्ताह की शुरुआत भीषण गर्मी से हुई है। सोमवार को सूरज मानो आग उगल रहा था वहीं, लू के थपेड़ों से भी दिल्ली बेहाल दिखी तो एनसीआर का हाल भी कमोबेश ऐसा ही था।  मौसम विभाग के अनुसार, इस पूरे हफ्ते गर्मी से राहत के आसार नहीं है। आसमान साफ रहेगा जिसकी वजह से धूप की तपिश प्रचंड गर्मी का अहसास करवाएगी। तापमान 43 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा।

बीते चार साल में 21 मई रही सबसे गर्म

विशेषज्ञों की मानें तो दिल्ली में प्रचंड गर्मी का आगाज हो चुका है। पश्चिमी दिल्ली में पालम का तापमान सोमवार को 44.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस सीजन का ही नहीं, बल्कि बीते चार साल में 21 मई सबसे गर्म रही। रिज में तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बता दें कि सोमवार सुबह से ही गर्मी सितम ढा रही थी। सफदरजंग की बात करें तो यहा तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 11 मई को सफदरजंग का तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। बीते चार सालों में भी यह सबसे गर्म 21 मई साबित हुई है। इससे पहले 21 मई को पिछले चार सालों में तापमान 41 डिग्री से ऊपर नहीं गया। 2013 में 21 मई को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

मई के शुरुआत से ही पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही बारिश और आधी से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही थी। मैदानी राज्यों पर दक्षिण-पूर्वी नमी भरी हवाओं का असर था। इस वजह से तापमान बहुत अधिक ऊपर नहीं गया, लेकिन अब परिस्थितिया बदल गई हैं। आने वाले दिनों में दिल्ली में प्रचंड गर्मी के संकेत हैं।

स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ जीपी शर्मा ने बताया कि उत्तर भारत में हवा में बदलाव आया है। अगले 4-5 दिनों तक उत्तर पश्चिम से सूखी हवाएं चलेंगी। इस बदलाव की वजह से आसमान साफ रहेगा और तेज धूप लोगों की परेशानिया बढ़ाएगी।

अगले कुछ दिनों में दिल्ली ही नहीं बल्कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, गाजियाबाद समेत एनसीआर के कई शहरों में भी तेज धूप और शुष्क मौसम के साथ तेज गर्मी रहेगी। मैदानी राज्यों में इस हफ्ते तापमान 45 डिग्री पहुंच सकता है।

हालांकि दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में उत्तर पश्चिमी हवाएं तेज गति से चलेंगी जिसकी वजह से तापमान के 45 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना नहीं है। हवा की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घटे रह सकती है, लेकिन यदि इस रफ्तार में कमी आती है तो कुछ जगहों पर तापमान 47 डिग्री तक भी पहुंच सकता है।

हालांकि अगले हफ्ते मौसम के मिजाज में बदलाव के आसार भी हैं। 28 मई के आसपास पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली में बारिश के आसार बन सकते हैं। लेकिन अभी इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगा। 

chat bot
आपका साथी