फिल्मी सितारों से सजेगी अयोध्या की रामलीला, 14 अक्टूबर से होगी शुरू; तैयारियां जोरों पर

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में सरयू तट के किनारे स्थित लक्ष्मण किला मंदिर परिसर के मैदान में बीते 3 वर्षों से अनवरत आयोजित होने वाली फिल्मी सितारों से सजी अयोध्या की रामलीला के लिए तैयारियां पूरी की जा रही है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 11 Jun 2023 12:29 AM (IST) Updated:Sun, 11 Jun 2023 12:29 AM (IST)
फिल्मी सितारों से सजेगी अयोध्या की रामलीला, 14 अक्टूबर से होगी शुरू; तैयारियां जोरों पर
फिल्मी सितारों से सजेगी अयोध्या की रामलीला, 14 अक्टूबर से होगी शुरू; तैयारियां जोरों पर

नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड फिल्म स्टार्स से सजी अयोध्या की प्रसिद्ध फिल्मी सितारों की रामलीला का चौथा संस्करण 14 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में सरयू तट के किनारे स्थित लक्ष्मण किला मंदिर परिसर के मैदान में बीते 3 वर्षों से अनवरत आयोजित होने वाली फिल्मी सितारों से सजी अयोध्या की रामलीला के लिए तैयारियां पूरी की जा रही है।

इस बार भी बॉलीवुड के कई नामचीन सितारे अयोध्या की रामलीला में अपने अभिनय का जलवा बिखेरेंगे। इस वर्ष रामलीला का मंचन 14 अक्टूबर से 24 अक्टूबर के बीच किया जाएगा।

इस बार की रामलीला में भी कई बड़े फिल्मी सितारे होंगे शामिल

अयोध्या की रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक (बॉबी) ने कहा कि मुझे बहुत खुशी हो रही है कि इस बार अयोध्या की रामलीला में रावण की भूमिका महाभारत के धृतराष्ट्र गिरिजा शंकर निभाएंगे जो कई फिल्मों और सीरियल में काम कर चुके है।

भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार गोरखपुर के सांसद रवि किशन केवट की भूमिका निभाएंगे और राम की भूमिका राहुल बुच्चर निभाएंगे जो दो साल से अयोध्या की रामलीला में राम की भूमिका निभा रहे हैं।

सीता की भूमिका लिली सिंह निभाएंगी, जो कि फिल्म निर्देशक राजामौली की मशहूर ब्लॉकबस्टर मूवी आरआरआर मे काम कर चुकी हैं। साथ ही धूप-छांव और वेबसीरीज पाताललोक में भी काम कर चुकी हैं और बॉलीवुड की फेमस एक्टर हैं।

करोड़ों लोग सोशल मीडिया और दूरदर्शन के माध्यम से देखेंगे अयोध्या की प्रसिद्ध रामलीला

अयोध्या की रामलीला की संस्थापक महासचिव शुभम मलिक ने कहा पिछले बरस 25 करोड़ से ज्यादा राम भक्तों ने दुनिया के कोने-कोने में अयोध्या की रामलीला को दूरदर्शन के द्वारा देखा था। इस बरस भी दूरदर्शन राम भक्तो को अयोध्या की रामलीला को लाइव दिखाएगा।

उन्होंने बताया कि इस साल गजेंद्र चौहान परशुराम की भूमिका निभाएंगे, रजा मुराद अहिरावण, राकेश वेदी विभीषण की भूमिका निभाएंगे और अभी कास्टिंग का काम चल रहा है। दूरदर्शन पर शाम 7 से 10 बजे तक लाइव प्रसारण होगा।

chat bot
आपका साथी