NCRB का चौंकाने वाला खुलासा, देश की अन्य मेट्रो सिटी के मुकाबले दिल्ली में अपराध ज्यादा

राजधानी दिल्ली में वर्ष 2018 में देश की अन्य मेट्रो सिटी के मुकाबले प्रति लाख जनसंख्या पर अपराध की दर लगभग चार गुना थी।

By JP YadavEdited By: Publish:Sat, 11 Jan 2020 09:24 AM (IST) Updated:Sat, 11 Jan 2020 09:24 AM (IST)
NCRB का चौंकाने वाला खुलासा, देश की अन्य मेट्रो सिटी के मुकाबले दिल्ली में अपराध ज्यादा
NCRB का चौंकाने वाला खुलासा, देश की अन्य मेट्रो सिटी के मुकाबले दिल्ली में अपराध ज्यादा

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजधानी दिल्ली में वर्ष 2018 में देश की अन्य मेट्रो सिटी के मुकाबले प्रति लाख जनसंख्या पर अपराध की दर लगभग चार गुना थी। इस दौरान दिल्ली में 238 की राष्ट्रीय औसत की तुलना में प्रति लाख जनसंख्या पर 1,273 मुकदमे दर्ज किए गए। हालांकि इस अवधि में जघन्य मामलों में गत वर्ष 2017 के अनुपात में मामूली गिरावट आई। राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में 2018 में प्रति लाख आबादी पर हत्या की उच्चतम दर बेंगलुरु और इंदौर के समान थी।

इस दौरान दिल्ली में प्रतिव्यक्ति जनसंख्या के राष्ट्रीय औसत 131 मामलों की तुलना में 149 मामलों की दर के साथ महिलाओं के खिलाफ अपराधों की उच्चतम दर भी दर्ज की गई। इस दौरान गत वर्ष के मुकाबले हत्या के मामले में 2018 में पांच फीसद की बढ़ोतरी हुई।

1,78,953 मामलों के साथ चोरी के मामलों में भी दिल्ली शीर्ष पर

दिल्ली में वर्ष 2018 में हत्या के 513 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2017 में 487 दर्ज किए गए थे। इनमें से व्यक्तिगत दुश्मनी से की गई हत्या का फीसद 20 था। दिल्ली में सड़कों पर 1,445 मौतों के साथ देश में सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इस दौरान चेन्नई में सड़क दुर्घटना में 1,260 मौतें हुईं। दिल्ली में हुई कुल मौतों में से 775 हिट और रन मामले थे। यह भी पाया गया कि लगभग 50 फीसद सड़क दुर्घटनाएं दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में और रात 9 बजे से सुबह 6 बजे के बीच हुईं। हालांकि इस दौरान 2017 की तुलना में अपहरण के मामले में 0.5 फीसद की मामूली गिरावट देखी गई।

दुष्कर्म के मामलों में हुआ इजाफा

राजधानी में 2018 में बलात्कार के मामले में मामूली बढ़त हुई। 2017 में 1,168 जबकि 2018 में बलात्कार के 1,215 मामले दिल्ली पुलिस ने दर्ज किए थे। उधर मेट्रो शहरों में मानव शरीर को प्रभावित करने वाले अपराधों की सबसे अधिक संख्या 16,689 दिल्ली में ही दर्ज हुई।

दिल्ली के बाद मुंबई में हुए अपराध

इसके बाद मुंबई में 11,990 और बेंगलुरु और कोलकाता में क्रमश: 7,936 और 7,927 घटनाएं हुई। देश में वाहन चोरी की सबसे अधिक संख्या भी दिल्ली में रही। 2018 में 42,611 मामले दर्ज किए थे। अन्य महानगरों की तुलना में 2018 में पंजीकृत कुल 1,78,953 मामलों के साथ चोरी के मामलों में भी दिल्ली शीर्ष पर है। इनमें 6024 मामले झपटमारी के थे।

एनसीआरबी द्वारा जारी आंकड़ों पर दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में कर्मियों को हर तरह के मुकदमे दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ श्रेणियों के अपराधों में एफआईआर ऑनलाइन होती है। जिसके कारण अपराध के आंकडों में वृद्धि दर्ज हुई है।

Nirbhaya Case latest Updates: फांसी का डमी ट्रायल जल्द होगा शुरू, जानें- क्यों रोए चारों दोषी

दिल्ली-एनसईआर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक 

chat bot
आपका साथी