इन 10 सिद्धांतों के जरिये रामराज की अवधारणा को लागू करेगी दिल्ली सरकार

दिल्ली सरकार द्वारा देशभक्ति बजट पेश करने के एक दिन बाद केजरीवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अयोध्या में श्रीराम का मंदिर बन रहा है। मंदिर बन जाने के बाद उनकी सरकार दिल्ली के सभी बुजुर्गों को एक बार फ्री में अयोध्या मंदिर का दर्शन कराएगी।

By Jp YadavEdited By: Publish:Thu, 11 Mar 2021 10:10 AM (IST) Updated:Thu, 11 Mar 2021 10:10 AM (IST)
इन 10 सिद्धांतों के जरिये रामराज की अवधारणा को लागू करेगी दिल्ली सरकार
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत।

नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में रामराज की अवधारणा को लागू किया जाएगा। यहां सभी धर्म और समुदाय के लोगों को न सिर्फ बराबर सम्मान दिया जाएगा, बल्कि सभी के विकास, उत्थान और समृद्धि के लिए दिल्ली सरकार काम करेगी। दिल्ली सरकार ने प्रभु श्रीराम से प्रेरणा लेकर ये सपना देखा है और इसके लिए 10 सिद्धांत बनाए हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को विधानसभा में उपराज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल रहे थे।

दिल्ली सरकार द्वारा देशभक्ति बजट पेश करने के एक दिन बाद केजरीवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। मंदिर बन जाने के बाद उनकी सरकार दिल्ली के सभी बुजुर्गों को एक बार फ्री में अयोध्या मंदिर का दर्शन कराएगी। प्रभु श्रीराम सभी के आराध्य हैं। वह व्यक्तिगत तौर पर हनुमान जी के भक्त हैं और हनुमान जी, श्रीराम के भक्त हैं। इसलिए वह हनुमान जी के साथ ही श्रीराम के भी भक्त हैं। उनके शासनकाल में अयोध्या में सब कुछ बहुत अच्छा था। हर तरह की सुविधा थी। प्रभु श्रीराम से प्रेरणा लेकर, उनके रामराज की अवधारणा को लागू करने का दिल्ली सरकार पिछले छह साल से प्रयास कर रही है।

ये हैं 10 सिद्धांत

1. कोई भूखा नहीं सोए

दिल्ली के अंदर कोई भूखा नहीं सोना चाहिए। इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। महामारी के दौरान एक करोड़ लोगों को राशन दिया। वहीं, 10 लाख लोगों को प्रतिदिन भोजन कराया।

2. स्वास्थ्य

बीमार व्यक्ति गरीब हो या अमीर उसे बेहतर इलाज मिलना चाहिए। सरकारी अस्पतालों का जो बुरा हाल था, उसको ठीक किया गया है। अब दिल्ली सरकार महिला मोहल्ला क्लीनिक बनाने जा रही है।

3. आवास

दिल्ली के हर वर्ग के सिर पर छत हो, इसके लिए दिल्ली सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी के तहत जहां-झुग्गी वहीं मकान योजना को भी शुरू किया गया है।

4. बिजली

कई ऐसे राज्य हैं, जहां सात से लेकर 10 रुपये प्रति यूनिट बिजली मिलती है, जबकि दिल्ली में 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिल रही है।

5. पानी

पानी पिलाने के लिए सरकारें जहां पैसे लेती हैं। वहीं, दिल्ली सरकार ने लोगों को हर महीने 20 हजार लीटर पानी मुफ्त देने का फैसला किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी के पास पैसा नहीं है तो उसे प्यासा नहीं रखा जा सकता है।

6. महिला सुरक्षा

महिला सुरक्षा के लिए सरकार जो भी कर सकती है कर रही है। इसके लिए दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे, डार्क स्पाट पर लाइटें लगवाई गई हैं।

7. बुजुर्गों को सम्मान

जो समाज बुजुर्गों को सम्मान नहीं देता है, उस समाज का अंत निश्चित है। इसलिए बुजुर्गों को सम्मान देने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। सरकार ने बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्र भी करवाई है।

8 AAP में सब एक बराबर

श्रीरामचंद्र ने शबरी के जूठे बेर खाए थे। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर AAP की दिल्ली सरकार में सब बराबर हैं। चाहे वे हिंदू, मुसलमान, ईसाई या सिख हों या किसी भी जाति के हों।

9. रोजगार

दिल्ली में सभी को रोजगार मिले इसके लिए दिल्ली सरकार विभिन्न कार्यक्रम चला रही है। इसे लेकर रोजगार पोर्टल बनाया गया है।

शिक्षा

गरीब-अमीर सभी के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। अभी तक देश के अंदर यह व्यवस्था थी कि गरीबों के बच्चे सरकारी स्कूल में जाएंगे और अमीरों के बच्चे प्राइवेट स्कूल में जाएंगे।

chat bot
आपका साथी