जानें- क्यों महिलाओं के डर से 500 मीटर तक भागता रहा दिल्ली सरकार का अफसर

सारी घटना कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक एसके बग्गा के सामने घटी।

By JP YadavEdited By: Publish:Sun, 25 Feb 2018 03:23 PM (IST) Updated:Sun, 25 Feb 2018 04:57 PM (IST)
जानें- क्यों महिलाओं के डर से 500 मीटर तक भागता रहा दिल्ली सरकार का अफसर
जानें- क्यों महिलाओं के डर से 500 मीटर तक भागता रहा दिल्ली सरकार का अफसर

नई दिल्ली (शुजाउद्दीन)। न्यू गोविंदपुरा इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के जेई को महिलाओं से यह कहना भारी पड़ गया कि सीवर जाम पर वह उनका चालान करवा देंगे। यह सुनते ही महिलाओं का पारा 7वें आसमान पर जा पहुंचा। महिलाएं जेई को मारने के लिए उनकी तरफ बढ़ीं। यह देख वह भागने लगे। महिलाओं ने तकरीबन 500 मीटर तक जेई का पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहे।

यह सारी घटना कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक एसके बग्गा के सामने घटी। विधायक यह नजारा खड़े होकर देखते रहे। महिलाओं के गुस्से के आगे विधायक ने भी कुछ भी बोलना मुनासिब नहीं समझा।

विधायक ने जागरण से बातचीत में इस बात को सही माना कि महिलाओं ने जेई के साथ जो किया बिल्कुल सही किया। इस पूरे घटनाक्रम को लोगों ने सोशल मीडिया पर भी लाइव देखा। वहां मौजूद मोहित गुलाटी नाम के शख्स ने इस घटना को लाइव दिखाया।

दरअसल न्यू गोविंदपुरा इलाके में पिछले काफी समय से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है। शनिवार को विधायक दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ सीवर साफ करने की मशीनें लेकर गली नंबर 9 में पहुंचे थे।

विधायक और जल बोर्ड के अधिकारियों को देखते ही लोग गली में जमा हो गए और दिल्ली सरकार व जल बोर्ड के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। इस गली में आठ सीवर हैं, कुछ सीवरों की सफाई के बाद जब अधिकारी सफाई की मशीन लेकर जाने लगे तो महिलाओं ने उन्हें रोक लिया।

पहले तो महिलाओं ने जल बोर्ड के अधिशासी अभियंता से सीवर की सफाई पर जवाब मांगने की कोशिश की, लेकिन जब देखा कि जेई विजेंद्र क्षेत्र से जा रहे हैं तो महिलाओं ने उन्हें भागकर पकड़ लिया। महिलाओं ने जेई की शर्ट पकड़कर धक्का दे दिया।

सीवर की समस्या पर जेई जब गोलमोल जवाब देने लगें तो महिलाएं और उग्र हो गईं। उसी समय जेई ने महिलाओं से कहा कि वह पांच-पांच हजार रुपये के उनके चालान करवा देंगे, इतना सुनते ही महिलाओं ने जेई को मारने के लिए हाथ उठा लिया। यह देख जेई वहां से भाग खड़े हुए। इसके बाद वहां मौजूद विधायक और जल बोर्ड के अन्य अधिकारियों ने सभी सीवरों की सफाई कराना ही मुनासिब समझा।

chat bot
आपका साथी