लोकसभा चुनाव में तीसरी बार दिल्ली की सभी 7 सीटों पर जीत के लिए रणनीति बना रही भाजपा, ये है एक्शन प्लान

Lok Sabha Elections दिल्ली भाजपा ने लोकसभा चुनाव में तीसरी बार सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए एक्शन प्लान बना शुरू कर दिया है। सबसे पहले जिला अध्यक्ष और प्रभारी से उसके अंतर्गत आने वाले मंडलों के कामकाज की जानकारी मांगी जाएगी।

By Santosh Kumar SinghEdited By: Publish:Wed, 29 Mar 2023 09:03 AM (IST) Updated:Wed, 29 Mar 2023 09:03 AM (IST)
लोकसभा चुनाव में तीसरी बार दिल्ली की सभी 7 सीटों पर जीत के लिए रणनीति बना रही भाजपा, ये है एक्शन प्लान
लोकसभा चुनाव में जीत के लिए रणनीति बना रही भाजपा, ये है एक्शन प्लान

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) के सामने संगठन को मजबूत कर लोकसभा चुनाव की तैयारी को आगे बढ़ाना है। इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जा रही है। कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की उपलब्धियों और दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ जनता में जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

तैयार की जाएगी भाजपा के मंडल अध्यक्षों की कुंडली

इस काम में मंडल इकाई की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए इनके कामकाज की समीक्षा करने का फैसला किया गया है, ताकि चुनाव से पहले कमियां दूर की जा सकें। मंडलों के कामकाज की समीक्षा प्रदेश अध्यक्ष अपने स्तर पर करेंगे, ताकि उन्हें जमीन पर संगठनात्मक गतिविधियों और नेताओं की सक्रियता की सही जानकारी मिल सके। इसके लिए वह सभी 14 संगठनात्मक जिलों और 256 मंडलों के पदाधिकारियों से सीधा संवाद करने का फैसला किया है। अप्रैल के पहले पखवाड़े तक यह काम पूरा करना है।

कामकाज की समीक्षा के आधार पर तय होगी जिम्मेदारी

सबसे पहले जिला अध्यक्ष और प्रभारी से उसके अंतर्गत आने वाले मंडलों के कामकाज की जानकारी मांगी जाएगी। उनसे मंडलों के कामकाज में सुधार लाने के सुझाव भी लिए जाएंगे। उसके बाद एक-एक कर मंडलों के अध्यक्ष और प्रभारी से संवाद होगा। जिला अध्यक्ष व प्रभारी द्वारा बताई गई कमियों पर चर्चा कर उसके कारण व सुधार के बारे में उनसे बात की जाएगी। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष की इस पहल से पता चलेगा कि जिला व मंडल इकाई में आपसी तालमेल है या नहीं।

लोकसभा चुनाव में जीत दोहराने के लिए प्रदेश, जिला और मंडल इकाई में आपसी सामंजस्य जरूरी है। लेकिन, कई स्थानों पर इसमें कमी है। नगर निगम चुनाव के समय भी इस तरह की शिकायत प्रदेश नेतृत्व तक पहुंची थी। इस कमी को दूर करना जरूरी है और इस दिशा में काम शुरू हो गया है। जल्द ही प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक संगठनात्मक फेरबदल भी किया जाना है। पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा के आधार पर नई जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता लोकसभा चुनाव में तीसरी बार सभी सातों सीटों पर विजय प्राप्त करना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे। मेहनती और जनता के बीच सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी