दिल्‍ली से लेकर मुंबई तक हो रही एक बिल्ली की तलाश

दिल्ली और मुंबई दोनों स्थानों पर एयर इंडिया और एयरपोर्ट कर्मी खोयी बिल्ली की तलाश में जुटे हुए हैं। एक हफ्ता बीत जाने के बावजूद बिल्ली का कोई अता-पता नहीं चल सका है।

By JP YadavEdited By: Publish:Thu, 03 Sep 2020 08:06 AM (IST) Updated:Thu, 03 Sep 2020 09:23 AM (IST)
दिल्‍ली से लेकर मुंबई तक हो रही एक बिल्ली की तलाश
दिल्‍ली से लेकर मुंबई तक हो रही एक बिल्ली की तलाश

नई दिल्ली [संतोष शर्मा]। दिल्ली स्थित आइजीआइ एयरपोर्ट से मुंबई ले जाने के दौरान एक महिला की बिल्ली खो गई। महिला अपनी तीन बिल्लियों को एयर इंडिया के विमान से मुंबई ले जा रही थीं। मुंबई में उतरने पर पता चला कि तीन में से एक बिल्ली गायब है। माना जा रहा है कि बिल्ली उतारे जाने के दौरान मुंबई एयरपोर्ट से खोई। हालांकि दिल्ली और मुंबई दोनों स्थानों पर एयर इंडिया और एयरपोर्ट कर्मी खोयी बिल्ली की तलाश में जुटे हुए हैं। एक हफ्ता बीत जाने के बावजूद बिल्ली का कोई अता-पता नहीं चल सका है। उधर महिला ने इस संबंध में एयरलाइंस में शिकायत करने के साथ ही पीपल फॉर एनिमल नाम की संस्था से भी संपर्क किया है।

इस बाबत एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि जुहू निवासी 39 वर्षीय महिला क्रिएटिव डायरेक्टर हैं। दिल्ली से जाने के लिए उन्होंने गत 25 अगस्त को एयर इंडिया की उड़ान का टिकट लिया था। वह साथ में अपनी तीन बिल्लयों को भी विमान से ले जा रही थी। एयर इंडिया ने पालतू जानवरों को विमान से लाने- ले जाने के लिए विशेष सेवा शुरू की है। इसके अंतर्गत जानवरों को कार्गो के माध्यम से उसी विमान में अलग से ले जाने की व्यवस्था है। महिला ने अलग-अलग पिंजरे में मौजूद बिल्लियों को एयरलाइंस के कार्गो सेक्शन में जमा करा दिया। जब वे मुंबई पहुंची तो पाया कि उनकी सात महीने की एक बिल्ली गायब है।

इस घटना के बाद बिल्ली की दिल्ली और मुंबई में काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पालतू बिल्ली के खो जाने पर महिला को खासा आघात लगा। उन्होंने इस संबंध में एयर इंडिया के अधिकारियों को शिकायत देने के साथ ही घटना की जानकारी सोशल मीडिया में साझा की। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली में एयरलाइन के कर्मचारियों ने कार्गो में सावधानीपूर्वक बिल्लियों को पिंजरे में रखा था। मुंबई एयरपोर्ट पर एक पिंजरा खुला मिला। आशंका है कि कर्मियों की लापरवाही से मुंबई एयरपोर्ट पर बिल्ली खोई होगी। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मामले की छानबीन की जा रही है। यदि बिल्ली नहीं मिली तो उसकी मालकिन को उचित मुआवजा दिया जाएगा।  

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी