Delhi Weather: दिल्ली-NCR के लोगों को भीषण गर्मी से राहत, पहाड़ों पर बर्फबारी का दिख रहा असर
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश 36 और 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान 38 या 39 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर दिल्ली के मौसम पर भी साफ नजर आ रहा है। शनिवार को न बादल छाए, न बारिश हुई लेकिन गर्मी से राहत बरकरार रही। इसीलिए आसमान साफ होते हुए भी अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान दोनों ही कम दर्ज किए गए। सुबह के समय भी गर्मी से राहत रही और दिन में भी। रविवार को भी दिल्ली का मौसम है और तापमान में ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नही है।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 34.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 25 से 77 फीसद रहा। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में भी अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किय गया। लोधी रोड इलाके में अधिकतम तापमान 33.7, रिज इलाके में 35.5, जाफरपुर में 34.1, नजफगढ़ में 35.9 व नरेला में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान 38 या 39 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा।
मध्यम श्रेणी में रही दिल्ली-एनसीआर की हवा
बदलते मौसम के साथ हवा की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है। पिछले 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर की हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। नोएडा का हवा और साफ होकर संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गई। अगले दो दिनों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम से खराब श्रेणी के बीच ही बने रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी इंडेक्स के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 125 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 162, गाजियाबाद का 142, गुरुग्राम का 112, ग्रेटर नोएडा का 112 और नोएडा का एक्यूआइ महज 97 दर्ज किया गया।