दिल की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित बच्चे को मिला नया जीवन

दिल की जन्मजात बीमारी से पीड़ित नाइजीरिया के आठ वर्षीय बच्चे की दिल्ली के आकाश सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया।

By JP YadavEdited By: Publish:Fri, 20 Jul 2018 09:35 AM (IST) Updated:Fri, 20 Jul 2018 09:35 AM (IST)
दिल की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित बच्चे को मिला नया जीवन
दिल की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित बच्चे को मिला नया जीवन

नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल की जन्मजात बीमारी से पीड़ित नाइजीरिया के आठ वर्षीय बच्चे की दिल्ली के आकाश सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया। बच्चा ड्यूल चेंबर राइट वेंटिकल (डीसीआरवी) नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित था।  अस्पताल के कार्डियक सर्जरी विभाग के निदेशक डॉ. विशाल अग्रवाल ने बताया कि बच्चे के दिल में छेद के अलावा पांच चेंबर थे, जबकि सामान्य व्यक्ति के दिल में चार चेंबर (राइट वेंटिकल, लेफ्ट वेंटिकल, राइट एट्रीअम व लेफ्ट एट्रीअम) होते हैं।

पीड़ित बच्चे के राइट वेंटिकल में जन्म से ही असामान्य मांसपेशियां दीवार की तरह विकसित हो गई थीं। इस वजह से राइट वेंटिकल दो हिस्सों में बंटा हुआ था। इस तरह बच्चे के दिल में पांच चेंबर बन गए थे। राइट वेंटिकल से फेफड़े में रक्त जाता है। इसके दो हिस्से में बंटे होने के कारण दिल से फेफड़े में रक्त प्रवाह में परेशानी हो रही थी। इस वजह से रक्त दिल में एकत्र हो रहा था।

इस कारण बच्चे की छाती में तेज दर्द होता था और उसे सांस लेने में भी परेशानी होती थी। इसके अलावा हार्ट अटैक का खतरा बना हुआ था। डॉक्टरों ने सर्जरी के दौरान राइट वेंटिकल से असामान्य मांसपेशियों को काटकर हटाया। साथ ही दिल में बने छेद को भी बंद किया। सात दिनों तक आइसीयू में भर्ती रहने के बाद उसके दिल ने सामान्य रूप से काम करना शुरू कर दिया।

डॉ. विशाल अग्रवाल ने बताया कि यह बहुत ही दुर्लभ बीमारी होती है। एक करोड़ की आबादी में एक बच्चे को इस तरह की बीमारी होती है। इस सर्जरी में डॉक्टरों के लिए सबसे मुश्किल काम राइट वेंटिकल की असामान्य मांसपेशियों की पहचान कर उसे काटना था। 

chat bot
आपका साथी