दिल्ली के बागी नेताओं पर भाजपा का अहम निर्णय, मनोज तिवारी ने कहा मजबूत होगी पार्टी

भाजपा का ये कदम 2019 लोकसभा चुनाव के लिए अहम माना जा रहा है। नगर निगम चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर कई पार्षद व कार्यकर्ताओं ने बगावत कर दी थी। 80 नेताओं को पार्टी से निकाला गया था।

By Edited By: Publish:Wed, 24 Oct 2018 08:32 PM (IST) Updated:Thu, 25 Oct 2018 12:16 AM (IST)
दिल्ली के बागी नेताओं पर भाजपा का अहम निर्णय, मनोज तिवारी ने कहा मजबूत होगी पार्टी
दिल्ली के बागी नेताओं पर भाजपा का अहम निर्णय, मनोज तिवारी ने कहा मजबूत होगी पार्टी

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली नगर निगम चुनाव के समय पार्टी से बगावत करने वालों को लेकर भाजपा ने बुधवार को अहम घोषणा की है। दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि इससे पार्टी और मजबूत होगी। भाजपा का ये कदम 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

नगर निगम चुनाव के वक्त दिल्ली में भाजपा के कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बगावत की थी। नगर निगम चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज कई पार्षद व कार्यकर्ताओं ने पार्टी से बगावत कर दी थी। इनमें से कई भाजपा के घोषित उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर गए थे। वहीं, कई पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ काम कर रहे थे। ऐसे लगभग 80 नेताओं को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया था।

बुधवार को इनमें से कई कार्यकर्ताओं की भाजपा में घर वापसी हो गई है। दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इनके भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इनके पार्टी में लौटने से संगठन को मजबूती मिलेगी।

मालूम हो कि निगम चुनाव के बाद कई बागी नेता भाजपा में वापसी के प्रयास में थे, लेकिन इन्हें लेकर पार्टी में आमराय नहीं बन पा रही थी। कई नेता बागियों की घर वापसी के पक्ष में नहीं थे। उनका कहना था कि इससे पार्टी में अनुशासनहीनता बढ़ेगी। बाद में यह तय हुआ था कि संबंधित सांसद व जिला अध्यक्ष की सहमति से बागी नेताओं की घर वापसी होगी। इस कड़ी में अब नेताओं की वापसी शुरू हो गई है।

बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष ने अनिता चौधरी, निक्की सिंह, संध्या वर्मा, महेश अत्री, इंद्रपाल राणा, अशोक तायल, जय प्रकाश लोहिया, डॉ. पंकज सिंह, राजन खन्ना, चरण सिंह, सुधा शर्मा, रमेश कपूर, सुनील कक्कड़, बिंदिया कक्कड़, सतबंत सिंह, राम निवास भड़ाना को पार्टी में वापस लेने का पत्र दिया।

मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है। सभी के सहयोग से वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव जीतकर मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाना है। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री रविंद्र गुप्ता व राजेश भाटिया, उपाध्यक्ष अभय वर्मा, मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा, सह-प्रमुख आनंद त्रिवेदी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी