भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष मनोज तिवारी बोले, उपद्रवी कोई भी हो उसके खिलाफ हो सख्त कार्रवाई

यमुना पार हो रही हिंसा पर भाजपा ने चिंता जताई है। पार्टी के नेताओं ने दिल्ली पुलिस से हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Tue, 25 Feb 2020 11:08 PM (IST) Updated:Wed, 26 Feb 2020 12:22 AM (IST)
भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष मनोज तिवारी बोले, उपद्रवी कोई भी हो उसके खिलाफ हो सख्त कार्रवाई
भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष मनोज तिवारी बोले, उपद्रवी कोई भी हो उसके खिलाफ हो सख्त कार्रवाई

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। यमुना पार हो रही हिंसा पर भाजपा ने चिंता जताई है। पार्टी के नेताओं ने दिल्ली पुलिस से हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। भाजपा विधायकों का दल बुधवार को उपराज्यपाल से मिलकर जरूरी कदम उठाने की मांग करेगा। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने हिंसा की निंदा करते हुए लोगों से शांति व्यवस्था कायम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर हो रही हिंसक घटनाएं चिंतित करनेवाली हैं। देश में सभी लोगों को अपनी बात रखने और शांति पूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन के नाम पर आम जनता को परेशान करना चिंताजनक है। उपद्रवी कोई भी हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी पार्टियों को शांति बहाली की कोशिश करनी होगी।

 नेता ऐसी बात न करें जिससे भ्रम पैदा हो और लोगों में गलत संदेश जाए

उन्होंने भाजपा के सभी नेताओं से शांति स्थापित करने के लिए हर संभव कोशिश करने की अपील की है। 'कोई भी नेता ऐसी बात न करे, जिससे भ्रम पैदा हो और लोगों में गलत संदेश जाए। साजिशन कुछ लोग दिल्ली के आम नागरिकों को गुमराह करने में लगे हैं। शांति, सद्भावना और आपसी भाईचारे को समाप्त करने का प्रयास कई दिनों से किया जा रहा है।' पुलिसकर्मी रतनलाल सहित अन्य लोगों की मृत्यु पर उन्होंने दुख जताया। कहा कि दिल्ली पुलिस शांति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है।

भाजपा विधायकों का दल उपराज्यपाल से मिलकर जरूरी कदम उठाने की करेगा मांग

भाजपा के विधायक बुधवार को नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में उपराज्यपाल अनिल बैजल से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शांति स्थापित करने के लिए दिल्ली सरकार, उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस को तत्काल कदम उठाना चाहिए।

chat bot
आपका साथी