लोकसभा चुनाव : भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश, कहा- मोदी को फिर से पीएम बनाना है

लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों, विधायकों व निगम पार्षदों की बैठक हुई जिसमें बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान में तेजी लाने पर बल दिया गया।

By Edited By: Publish:Wed, 20 Feb 2019 08:17 PM (IST) Updated:Wed, 20 Feb 2019 09:22 PM (IST)
लोकसभा चुनाव : भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश, कहा- मोदी को फिर से पीएम बनाना है
लोकसभा चुनाव : भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश, कहा- मोदी को फिर से पीएम बनाना है

नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों, विधायकों व निगम पार्षदों की बैठक हुई, जिसमें बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान में तेजी लाने पर बल दिया गया। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है।

पूरे उत्‍साह में रहे कार्यकर्ता
कार्यकर्ताओं को पूरे उत्साह के साथ इस चुनाव में उतरना है। रामलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश बहुमुखी विकास कर रहा है। साफ नीयत सही विकास को मोदी सरकार ने चरितार्थ किया है। जन-धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई जनकल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं।

मोदी को फिर से पीएम बनाना है
हमें केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार बूथ स्तर तक ले जाना है ताकि नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले ने हमें झकझोर दिया है, लेकिन भारत को अस्थिर करने वालों को मुंहतोड़ जवाब सरकार देगी।

फिर किया सर्जिकल स्‍ट्राइक का जिक्र
हमारी सेना ने पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकियों को सबक सिखाया है और अब सेना इस आतंकी घटना का समुचित जवाब देगी।

खुद को बताया जामवंत और कार्यकर्ताओं को बताया हनुमान
देश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सबको जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ताकत के साथ पूरा करने की जरूरत है। उन्होंने खुद को जामवंत और कार्यकर्ताओं को हनुमान की संज्ञा दी और कहा कि अगर आप सबका सहयोग रहा तो लोकसभा चुनाव और दिल्ली के आगामी विधानसभा चुनाव के समुद्र को पार कर लिया जाएगा।

केजरीवाल पर साधा निशाना
उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा और कहा कि वे लगातार दिल्लीवासियों को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना और आर्थिक रूप से कमजोर सवर्णो को 10 फीसद आरक्षण को दिल्ली में लागू होने से रोका है, जिसका जवाब उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में जरूर मिलेगा।

पुलवामा के बाद देश शोक में है : पवैया
लोकसभा चुनाव सह-प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद देश शोक में है, आक्रोश में है, लेकिन निराशा में नहीं है। देश पाकिस्तान से बदला कब लेगा, किस तरह लेगा, इसे हमारे प्रधानमंत्री बखूबी समझते हैं और वे समय आने पर इसका माकूल जवाब देंगे। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, राजेश भाटिया व रविंद्र गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी