सीलिंग के कारण लोग कर रहे पलायन, राजधानी में बेकाबू हो जाएगी स्थिति: माकन

राजधानी की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। 25 लाख से भी अधिक लोग सीलिंग से सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। अरविंद केजरीवाल कमर्शियल मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं।

By Edited By: Publish:Sun, 09 Sep 2018 09:34 PM (IST) Updated:Sun, 09 Sep 2018 10:16 PM (IST)
सीलिंग के कारण लोग कर रहे पलायन, राजधानी में बेकाबू हो जाएगी स्थिति: माकन
सीलिंग के कारण लोग कर रहे पलायन, राजधानी में बेकाबू हो जाएगी स्थिति: माकन

नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने भाजपा व आम आदमी पार्टी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सीलिंग से परेशान लोग दिल्ली से पलायन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सीलिंग को बंद करने के लिए दोनों सरकारों ने तुरंत कानून सम्मत रास्ता नहीं निकाला तो राजधानी में स्थिति बेकाबू हो जाएगी।

कांग्रेस की हल्ला बोल रैली
माकन रविवार शाम चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र के रामपुरा त्रिनगर में न्याययुद्ध के द्वितीय चरण में कांग्रेस की हल्ला बोल रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली का आयोजन त्रिनगर के पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने किया था। माकन ने कहा कि राजधानी में तुरंत प्रभाव से दिल्ली सरकार को 70 फीसद से अधिक औद्योगिक इकाइयों वाले क्षेत्रों को मास्टर प्लान में प्रावधान के आधार पर औद्योगिक क्षेत्र घोषित करना चाहिए। दोनों दलों को सीलिंग के चलते गंभीर राजनीतिक परिणाम भुगतने को भी तैयार रहना चाहिए।

दिल्ली को किया बर्बाद
कांग्रेस नेता सज्जन कुमार ने कहा कि राजधानी की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। 25 लाख से भी अधिक लोग सीलिंग से सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। अरविंद केजरीवाल कमर्शियल मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं। पिछले साढ़े तीन सालों में दिल्ली को बर्बाद करने के सिवाय उन्होंने कोई काम नहीं किया है।

कोई सुविधा नहीं दी गई
पूर्व विधायक मुकेश शर्मा व अनिल भारद्वाज ने आकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि त्रिनगर सहित उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने लोगों से कन्वर्जन व पार्किंग शुल्क के नाम पर 301.36 करोड़ रुपये वसूले हैं, लेकिन इसके बदले में आज तक कोई सुविधा नहीं दी गई। रैली को पूर्व विधायक हरिशंकर गुप्ता, निगम में कांग्रेस दल के नेता मुकेश गोयल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिकिशन जिंदल ने भी संबोधित किया।

सर्वसम्मति से पास किए गए छह प्रस्ताव 
रैली में अनिल भारद्वाज द्वारा रखे गए छह प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास किया गया। इनमें त्रिनगर सहित सभी 70 फीसद से अधिक गैर प्रदूषित इकाइयों वाले क्षेत्रों को औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने, घरेलू उद्योगों की परिभाषा को नए सिरे से परिभाषित करने, बवाना औद्योगिक क्षेत्र में स्थानांतरित इकाइयों के लिए लीज पर आवंटित प्लॉटों को फ्री होल्ड करने, कन्वर्जन एवं पार्किंग शुल्क पर लिए जा रहे जुर्माने के नियम को तुरंत प्रभाव से वापस लेने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता रहे मौजूद
रैली में प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष आभा चौधरी, मनोज यादव, सतेंद्र शर्मा, रोशन लाल आहूजा, एन राजा, देवराज अरोड़ा, सोनिया अमनदीप, गीता यादव, परमीत सिंह गोल्डी, विजय खारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

त्रिनगर में भी दिखा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
न्याययुद्ध की शुरुआत के पहले चरण में गांधी नगर में और दूसरे चरण में रविवार को त्रिनगर में भी कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन करने में कामयाब रही। यहां से पार्षद और विधायक दोनों ही भाजपा व 'आप' से हैं, लेकिन तब भी हल्ला बोल रैली में कांग्रेसी खासी भीड़ जुटानेे मेंं कामयाब रहे। ।

chat bot
आपका साथी