दिल्‍ली के हर कोने से उठेगी पूर्ण राज्‍य की मांग, आप ने तैयार की आंदोलन की रूपरेखा

पूर्ण राज्य के लिए अनिश्चितकालीन उपवास को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने बताया कि रूपरेखा तैयार हो गई है।

By Edited By: Publish:Sun, 24 Feb 2019 08:03 PM (IST) Updated:Mon, 25 Feb 2019 03:19 PM (IST)
दिल्‍ली के हर कोने से उठेगी पूर्ण राज्‍य की मांग, आप ने तैयार की आंदोलन की रूपरेखा
दिल्‍ली के हर कोने से उठेगी पूर्ण राज्‍य की मांग, आप ने तैयार की आंदोलन की रूपरेखा

नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्ण राज्य के लिए अनिश्चितकालीन उपवास को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता मेें बताया कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए पार्टी के संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के एक मार्च से होने जा रहे अनिश्चितकालीन अनशन को लेकर रूपरेखा तैयार हो गई है।

उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को लेकर शनिवार रात को मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी की ओर से सभी पार्षदों, विधायकों, कैबिनेट मंत्रियों व सांसदों की बैठक हुई। जिसमें आंदोलन की रूपरेखा को लेकर चर्चा हुई। रविवार को सभी सहयोगी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ हमारी बैठक हुई।

इसमें आंदोलन के संबंध में कुछ अहम निर्णय लिए गए। राय ने कहा कि इस आंदोलन को दो भागों में विभाजित किया गया है। एक आंदोलन उस स्थल पर होगा जहां पर मुख्यमंत्री अनशन पर बैठेंगे और दूसरा आंदोलन दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में हमारे विधायकों पदाधिकारियों पार्षदों द्वारा किया जाएगा।

रणनीति के तहत पूरी दिल्ली को 560 जोन में विभाजित किया गया है। इसमें एक लोकसभा क्षेत्र स्तर की पूर्ण राज्य आंदोलन समिति का गठन किया जाएगा। जिसमें पार्षद, लोकसभा प्रभारी, विधायक व पदाधिकारी समिति के सदस्य होंगे। वहीं विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर पूर्ण राज्य आंदोलन कमेटी बनाई जाएगी जिसमें विधानसभा के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा इसमें जोन कमेटी होंगी।

प्रत्येक निगम वार्ड में दो-दो जोन होंगे। दोनों जोन की अपनी-अपनी कमेटी होगी जो इस आंदोलन को जमीन पर संचालित करने का काम संभालेगी। पूरी दिल्ली में जो 560 जोन कमेटियां बनेंगी, सभी अपने-अपने क्षेत्र में पूर्ण राज्य न्याय यात्रा शुरू करेंगी। इन यात्राओं के माध्यम से लोकल आरडब्लूए, धार्मिक संगठन एवं स्थानीय लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने का काम किया जाएगा।

राय ने कहा कि एक मार्च को सुबह 10 बजे से अनशन की शुरुआत होगी। दिल्ली के हमारे सभी पार्षद, विधायक, लोकसभा प्रभारी एवं संगठन पदाधिकारी वहां मौजूद रहेंगे। 2 मार्च से प्रत्येक दिन एक लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी तय की गई है। इसके तहत प्रभारी और उसी लोकसभा क्षेत्र के 10 विधायक, पार्षद और संगठन पदाधिकारी अनशन स्थल पर मुख्यमंत्री के समर्थन में मौजूद रहेंगे। राय ने कहा कि जल्द ही अनशन स्थल के बारे में जानकारी दी जाएगी।

किस दिन रहेगी किस लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी

2 मार्च को उत्तर-पूर्वी दिल्ली 3 मार्च को चांदनी चौक 4 मार्च को पूर्वी दिल्ली 5 मार्च को दक्षिणी दिल्ली 6 मार्च को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली 7 मार्च को पश्चिमी दिल्ली 8 मार्च को नई दिल्ली 9 मार्च को सभी सहयोगी संगठनों की अनशन स्थल पर रहने की जिम्मेदारी 10 मार्च को फिर से तय होगी आगे की रूपरेखा

आंदोलन के लिए होंगे दो मुख्य नारे दिल्ली अन्याय नहीं सहेगी, पूर्ण राज्य लेके रहेगी। दिल्ली का सम्मान अधूरा पूर्ण राज्य से होगा पूरा।

chat bot
आपका साथी