एक थप्पड़ की गूंज ने खामोश कर दी दो जिंदगियां, एक की हालत नाजुक

पुलिस के अनुसार कौशल्या के भतीजे ने आरोपित को थप्पड़ मार दिया था। इससे नाराज होकर ही उसने देर रात इस खूनी खेल को अंजाम दिया।

By Amit SinghEdited By: Publish:Thu, 16 Aug 2018 08:45 PM (IST) Updated:Thu, 16 Aug 2018 08:45 PM (IST)
एक थप्पड़ की गूंज ने खामोश कर दी दो जिंदगियां, एक की हालत नाजुक
एक थप्पड़ की गूंज ने खामोश कर दी दो जिंदगियां, एक की हालत नाजुक

नई दिल्ली (जेएनएन)। पहाड़गंज इलाके में बुधवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी भाभी व भतीजे पर फावड़े व चाकू से वार कर हत्या कर दी। महिला के बेटे पर भी हमला किया। मृतकों की पहचान कौशल्या (55) और उसके भतीजे पुरुषोत्तम (30) के रूप में हुई है। महिला का बेटा रोहित (25) भी घायल है और उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपित राज कुमार (50) के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

बृहस्पतिवार को उसे तीस हजारी कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। डीसीपी मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि वारदात संतगराशन के कसेरूवालान में हुई। कौशल्या के पति ओम प्रकाश की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद वह दूसरी जगह रहने लगी थी, लेकिन कुछ समय पहले वापस अपने घर में रहना शुरू कर दिया था।

15 अगस्त को पुरुषोत्तम हापुड़ (उत्तर प्रदेश) से बुआ (कौशल्या) से मिलने आया था। बुधवार रात 10 बजे कौशल्या अपने बेटे व भतीजे के साथ पहली मंजिल पर कमरे में सो गई। रात करीब 2 बजे राजकुमार फावड़ा व चाकू लेकर उनके कमरे में पहुंचा। उसने पहले पुरुषोत्तम के सिर पर फावड़े से प्रहार किया। सिर फट जाने से उसने तुरंत दम तोड़ दिया।

तेज आवाज सुनकर मां-बेटे की नींद खुली तो राज कुमार ने भाभी कौशल्या पर वार करना शुरू कर दिया। रोहित के बीच बचाव करने पर उसने उस पर भी चाकू से कई वार किए। ज्यादा शोर-शराबा होने पर पकड़े जाने के डर से वह भाग गया। राज कुमार भूतल पर रहता है।

कौशल्या के बड़े देवर और राज कुमार के बड़े भाई ताराचंद भी इसी घर में दूसरी मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने रात करीब 2.15 बजे पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। एसीपी संजीव गुप्ता व थानाध्यक्ष आइके झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कौशल्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने रात में ही घटना स्थल से खून से सना रसोई का चाकू व फावड़ा जब्त कर लिया।

बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे पुलिस ने हत्यारोपी राज कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार राज कुमार इलाके का घोषित बदमाश है। हालांकि पिछले कई साल से वह वारदात नहीं कर रहा था।

भतीजे ने विवाद होने पर मार दिया था थप्पड़

पुलिस जांच में पता चला है कि बुधवार सुबह पैसों के लेनदेन व अन्य घरेलू मसले पर कौशल्या का देवर राज कुमार से झगड़ा हुआ था। उस समय कौशल्या के भतीजे पुरुषोत्तम ने राज कुमार को तमाचा जड़ दिया था। माना जा रहा है कि उसी का बदला लेने के लिए राज कुमार ने वारदात को अंजाम दिया।

chat bot
आपका साथी