जेएनयू छात्रा के बाद अब विदेशी महिला की साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म, मचा हड़कंप

मिली जानकारी के मुताबिक इस महिला के साथ जब सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई तब वह जानकार युवक के साथ दिल्ली में घूम रही थी।

By JP YadavEdited By: Publish:Tue, 13 Aug 2019 10:04 AM (IST) Updated:Tue, 13 Aug 2019 10:14 AM (IST)
जेएनयू छात्रा के बाद अब विदेशी महिला की साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म, मचा हड़कंप
जेएनयू छात्रा के बाद अब विदेशी महिला की साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म, मचा हड़कंप

नई दिल्ली, जेएनएन। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (jawahar lal university) की छात्रा के साथ कार में दुष्कर्म का मामला सुलझा भी नहीं था कि अब भारत घूमने आई उज्बेकिस्तान की महिला (31) के साथ भी कार में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इससे दिल्ली पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। पूरा मामला रविवार रात का है। वहीं, पुलिस पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज करके आरोपित युवकों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। पीड़िता मूलरूप से उज्बेकिस्तान की रहने वाली है और वह पखवाड़े भर पहले टूरिस्ट वीजा पर भारत घूमने आई थी।  मिली जानकारी के मुताबिक, इस महिला के साथ जब सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई, तब वह जानकार युवक के साथ दिल्ली में घूम रही थी। 

यह है पूरा मामला

पीड़िता द्वारा दिल्ली पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, सैर-सपाटे के क्रम में वह रविवार को भी परिचित युवक की कार में दिल्ली घूमने निकली। परिचित युवक ने अपने दो दोस्तों को भी बुला लिया। बाद में उन तीनों ने मिलकर महिला के साथ कार में दुष्कर्म किया। इस दौरान कार अलग-अलग जगहों पर घूमती रही। बाद में वे युवती को वसंतकुंज में उतारकर फरार हो गए। महिला किसी तरह से राहगीरों की मदद से वसंतकुंज नॉर्थ थाने पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उज्बेकिस्तान की रहने वाली एक महिला वसंतकुंज नॉर्थ इलाके में रहती है। आरोप है कि रविवार रात कुछ दोस्तों ने उसे लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपित उसे सड़क किनारे छोड़ कर फरार हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। 

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी