दिल्ली के कनॉट प्लेस में बनेगा मैडम तुसाद का म्यूजियम

मैडम तुसाद का म्यूजियम दिल्ली के कनॉट प्लेस में बनाया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मोम का पुतला भी होगा। वह पहले भारतीय मुख्यमंत्री होंगे, जिनका मोम का पुतला मैडम तुसाद म्यूजियम में लगाया जाएगा।

By JP YadavEdited By: Publish:Sun, 07 Feb 2016 09:03 AM (IST) Updated:Sun, 07 Feb 2016 09:19 AM (IST)
दिल्ली के कनॉट प्लेस में बनेगा मैडम तुसाद का म्यूजियम

नई दिल्ली (आशुतोष झा)। दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस में मैडम तुसाद का म्यूजियम (संग्रहालय) बनाने का फैसला लिया गया है। चंद दिनों बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।

अब मोम के बनेंगे अरविंद केजरीवाल, 'मैडम तुसाद म्यूजियम' ने भेजा निमंत्रण

दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्र ने कहा कि सरकार को म्यूजियम बनाने पर कोई आपत्ति नहीं है। इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मोम का पुतला भी होगा। वह पहले भारतीय मुख्यमंत्री होंगे, जिनका मोम का पुतला मैडम तुसाद म्यूजियम में लगाया जाएगा।

चूंकि कनॉट प्लेस नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में आता है, जहां से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल विधायक हैं, इस नाते यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के म्यूजियम खुलने और उसमें केजरीवाल का मोम का पुतला होने से आम आदमी पार्टी के समर्थक भी खुश हैं।

अगले साल तुसाद म्यूजियम कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल में बाबा खड़ग सिंह मार्ग की ओर बनेगा। लंदन स्थित विश्व प्रसिद्ध मैडम तुसाद म्यूजियम ने गत माह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर दिल्ली में बनने वाले इस म्यूजियम में उनका मोम का पुतला लगाने की इजाजत मांगी थी।

मैडम तुसाद म्यूजियम के इंडिया पार्टनर विजक्राफ्ट एंटरटेनमेंट इंटरनेशनल (डब्ल्यूईआइ) की क्रिएटिव टीम फरवरी में केजरीवाल का मोम का पुतला बनाने के लिए उनका शारीरिक नाप लेने की योजना बना रही है।

डब्ल्यूईआइ ने पत्र में लिखा था कि म्यूजियम केजरीवाल के राजनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उनका सम्मान करना चाहता है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्र के मुताबिक दिल्ली घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए यह म्यूजियम आकर्षण का केंद्र होगा।

मालूम हो कि दिल्ली में म्यूजियम खोलने का ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिटेन यात्र के दौरान किया गया था। मोदी की मौजूदगी में ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने इसका ऐलान किया था। भारत-ब्रिटेन सांस्कृतिक वर्ष 2017 के तहत मैडम तुसाद म्यूजियम दिल्ली में खोला जाएगा।

chat bot
आपका साथी