जेएनयू के चार छात्रों को महंगी पड़ गई बिरयानी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रशासनिक ब्लॉक के निकट

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Nov 2017 10:21 PM (IST) Updated:Thu, 09 Nov 2017 10:21 PM (IST)
जेएनयू के चार छात्रों को महंगी पड़ गई बिरयानी
जेएनयू के चार छात्रों को महंगी पड़ गई बिरयानी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रशासनिक ब्लॉक के निकट बिरयानी बनाकर खाना चार छात्रों को महंगा पड़ गया। जेएनयू प्रशासन ने चारों छात्रों को नोटिस जारी किया और उनके ऊपर आर्थिक दंड भी लगाया है। हालांकि मामला बीते जून का है, लेकिन जांच के बाद अब प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

जेएनयू के चीफ प्रॉक्टर कौशल कुमार की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि चारों छात्रों पर 6,000 रुपये से 10,000 रुपये के बीच जुर्माना लगाया गया है। नोटिस में कहा गया है कि प्रॉक्टोरियल जांच में चारों को प्रशासनिक ब्लॉक के निकट बिरयानी पकाने और इसके बाद अन्य छात्रों के साथ इसे खाने का दोषी पाया गया है।

जेएनयू से प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रों को चेतावनी भी दी गई है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधि में शामिल होने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छात्रों को निर्धारित जुर्माना अदा करने के लिये 10 दिन का समय दिया गया है। साथ ही उनको अपना पक्ष रखने को कहा गया है। जुर्माना लगाये जाने वाले छात्रों में जेएनयू छात्र संघ की पूर्व महासचिव सतरूपा चक्रवर्ती भी हैं, उन पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

सतरूपा चक्रवर्ती का कहना है कि हम लोग जून में विद्वत परिषद की बैठक में हुए हंगामे के बाद कुलपति से समय मांगने प्रशासनिक भवन गए थे लेकिन वह नहीं मिले। उसके बाद बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बिरयानी व कुछ और खाना बनाया लेकिन अब हमें नोटिस दिया गया है। कुछ अन्य छात्र हैं जिनको कारण बताओ नोटिस दिया गया है।

chat bot
आपका साथी