पूर्वाचल महाकुंभ में शाह का चुनावी शंखनाद

फोटो 23डीईएल302ए, 305 -कार्यकर्ताओं को दिलाया दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें दोबारा जीतने

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Sep 2018 07:32 PM (IST) Updated:Sun, 23 Sep 2018 07:32 PM (IST)
पूर्वाचल महाकुंभ में शाह का चुनावी शंखनाद
पूर्वाचल महाकुंभ में शाह का चुनावी शंखनाद

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित पूर्वाचल महाकुंभ से लोकसभा चुनाव प्रचार का शंख फूंक दिया है। उन्होंने राजधानी सहित पूरे देश के विकास में पूरब के लोगों की भूमिका का जिक्र किया। इसके साथ ही पूर्वाचल के विकास में नरेंद्र मोदी सरकार के योगदान का हिसाब भी दिया। भाजपा अध्यक्ष ने मोदी विरोधी महागठबंधन को बिना नेतृत्व वाला और नीति विहीन बताया। कांग्रेस व आम आदमी पार्टी पर भी जोरदार हमला करते हुए उन्होंने कहा कि महाकुंभ में जुटी भीड़ राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के लिए चेतावनी है। दिल्ली की सातों सीटें एक बार फिर से भाजपा जीतेगी। उन्होंने इन दोनों पर घुसपैठियों का समर्थन करने का भी आरोप लगाया और कहा कि घुसपैठियों को देश से बाहर किया जाएगा।

दिल्ली में पहली बार किसी भी राजनीतिक पार्टी की ओर से पूर्वाचलियों की इतनी बड़ी रैली की गई। भाजपा ने इसके जरिये दिल्ली से वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। रामलीला मैदान से शाह ने दिल्ली में रह रहे पूर्वाचलियों के साथ ही उनके राज्यों के लोगों को भी यह आश्वस्त किया कि अब उनकी उपेक्षा नहीं होगी। देश के प्रत्येक हिस्से में पूर्र्वाचल के लोगों ने अपना पसीना बहाकर विकास किया है। इसके बावजूद कांग्रेस ने इनकी उपेक्षा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में भाजपा की सरकार आने पर देश के पूर्वी हिस्से के विकास को प्राथमिकता देने का वादा किया था। लोकसभा चुनाव से छह महीने पहले उसी का हिसाब देने आया हूं। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड व ओडिशा को कांग्रेस की सरकार पांच वर्ष में चार लाख करोड़ रुपये देती थी, जबकि मोदी सरकार ने 13.80 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। इसमें से 13 लाख करोड़ खर्च भी हो गए हैं। इन सभी राज्यों में विकास के कई काम किए गए हैं। जबतक पूर्व के राज्यों का पश्चिम के राज्यों के बराबर विकास नहीं हो जाता, तबतक भाजपा चैन की नींद नहीं लेगी।

उन्होंने कहा कि अनंत चतुर्दशी और रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के दिन आयोजित इस महाकुंभ में लगी भीड़ को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवल और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी देख लें। उनके खिलाफ यह आक्रोश है और फिर से दिल्ली की सातों सीटें भाजपा की झोली में जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पूरे देश के साथ ही दिल्ली में भी विकास के काफी काम किए हैं। दिल्ली सरकार को 50 हजार करोड़ रुपये दिए गए हैं। केजरीवाल को बताना चाहिए कि उन्होंने जो चुनावी वादे किए थे, उनमें से कितने पूरे हुए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का एक ही काम है झूठ बोलना, बार-बार बोलना और सार्वजनिक स्थान पर बोलना। उन्होंने विवाद की नाकारात्मक राजनीति करके दिल्ली के विकास को बाधित किया है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश करने वालों की जब गिरफ्तारी होती है तो राहुल, केजरीवाल सहित अन्य विरोधी पार्टियां उनके समर्थन में खड़े हो जाते है। लेकिन, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि जो देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, वह जेल जाएगा।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि इस महाकुंभ में हिस्सा लेने आए लोग अपना दर्द लेकर आए हैं। दशकों से ये लोग दिल्ली में उपेक्षित रहे हैं। काग्रेस व केजरीवाल सरकार ने इनकी सुध नहीं ली। अब भाजपा इन्हें मान-सम्मान दे रही है। इनकी परेशानी हल कर रही है।

chat bot
आपका साथी