आप विधायक अनिल वाजपेयी भाजपा में शामिल

गांधी नगर के विधायक अनिल वाजपेयी ने आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल व अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल पर विधायकों से अपमानजनक व्यवहार करने अपशब्द बोलने और करोड़ों रुपये की मांग करने का आरोप लगाया। कहा कि स्वाभिमान मान सम्मान और प्रतिष्ठा से समझौता नहीं किया जा सकता है इसलिए उन्होंने आप छोड़ने का फैसला किया है। चांदनी चौक की विधायक अलका लांबा का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि कई और विधायक आप में घुटन महसूस कर रहे हैं लेकिन वह आवाज नहीं उठा पा रहे हैं। समय आने पर वे सभी सामने आएंगे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 May 2019 09:13 PM (IST) Updated:Fri, 03 May 2019 09:13 PM (IST)
आप विधायक अनिल वाजपेयी भाजपा में शामिल
आप विधायक अनिल वाजपेयी भाजपा में शामिल

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : गांधी नगर के विधायक अनिल वाजपेयी आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू, केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल व अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल पर विधायकों से अपमानजनक व्यवहार करने, अपशब्द बोलने और करोड़ों रुपये की मांग करने का आरोप लगाया। कहा कि स्वाभिमान, मान सम्मान और प्रतिष्ठा से समझौता नहीं किया जा सकता है, इसलिए उन्होंने आप छोड़ने का फैसला किया है। चांदनी चौक की विधायक अलका लांबा का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि कई और विधायक आप में घुटन महसूस कर रहे हैं, लेकिन वह आवाज नहीं उठा पा रहे हैं। समय आने पर वे सभी सामने आएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर वह भाजपा में शामिल हुए हैं। मोदी ने पूरे विश्व में भारत का नाम ऊंचा किया है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर केजरीवाल और अन्य आप नेताओं द्वारा सवाल खड़ा करने से अन्य देशवासियों की तरह कई विधायक भी आहत हुए हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा भाजपा पर आप के सात विधायकों को दस-दस करोड़ रुपये में खरीदने की कोशिश के आरोप को उन्होंने बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि आरोप लगाकर माफी मांगना केजरीवाल व उनके साथियों की आदत है।

वाजपेयी ने कहा कि लगभग 15 वर्षों तक कांग्रेस में रहते हुए भी उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन किया है। वह अभी भी किराये के मकान में रहते हैं। लोगों ने चंदा देकर उन्हें विधानसभा का चुनाव लड़ाया था। अब उन्हें गांधी नगर मार्केट से वसूली करके लाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। विचारधारा से भटक गई आप : वाजपेयी

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे के आंदोलन से प्रभावित होकर आप से जुड़े थे। आप अब अपनी विचारधारा से भटक गई है। जिस कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करके केजरीवाल सत्ता में आए थे, उसी से गठबंधन करने को परेशान दिखे।

सीएम बताएं भाजपा छोड़कर जाने वालों को कितने पैसे दिए : गोयल

केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने कहा कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली से आप प्रत्याशी गूगन सिंह सहित कई नेता भाजपा व अन्य पार्टी को छोड़कर उनकी पार्टी में गए हैं। सीएम केजरीवाल को बताना चाहिए कि उन लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए कितने पैसे दिए हैं। वहीं श्याम जाजू ने कहा कि वाजपेयी के आने से पार्टी मजबूत हुई है। आप मुखिया के तानाशाही रवैये से उनके विधायक परेशान हैं। वाजपेयी के साथ आप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गौरव शर्मा, आप नेता वंदना रानी, संजय जैन, दीपक चौधरी, लक्ष्मण सेठ, दीपक हिन्दुस्तानी, अतुल चौधरी, राकेश कुमार, अमन सूद, विकास कौशिक सहित उनके कई समर्थक भाजपा में शामिल हुए।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी