गांधी मैदान कार पार्किंग की जगह बनेगी तीनमंजिला भूमिगत पार्किंग

संजीव कुमार मिश्र, नई दिल्ली उत्तरी नगर निगम ने गांधी मैदान पार्किंग स्थल की जगह तीन मंजिला भूमिग

By Edited By: Publish:Fri, 30 Sep 2016 01:05 AM (IST) Updated:Fri, 30 Sep 2016 01:05 AM (IST)
गांधी मैदान कार पार्किंग की जगह 
बनेगी तीनमंजिला भूमिगत पार्किंग

संजीव कुमार मिश्र, नई दिल्ली

उत्तरी नगर निगम ने गांधी मैदान पार्किंग स्थल की जगह तीन मंजिला भूमिगत पार्किंग स्थल बनाने का फैसला किया है। उत्तरी नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1994-95 में 1200 वर्ग मीटर भूमि पर निगम ने 600 करोड़ रुपये की लागत से कार पार्किंग बनाई थी। इसकी क्षमता 600 कारों की है। समय के साथ वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है। नतीजन मध्य दिल्ली के प्रमुख बाजारों, आवासीय कॉलोनियों में सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग होती है। इसकी वजह से दिल्ली गेट से जाम का जो सिलसिला शुरू होता है वह दरियागंज, दरीबा कलां, जामा मस्जिद, चांदनी चौक, लालकिला, यमुना बाजार, आजाद मार्केट व पीली कोठी तक बदस्तूर जारी रहता है। इस पर नाराजगी जताते हुए गत वर्ष अगस्त में दिल्ली हाई कोर्ट ने उत्तरी नगर निगम की जमकर खिंचाई की थी। जिसके बाद निगम ने गांधी मैदान पार्किंग स्थल पर तीन मंजिला भूमिगत पार्किंग बनाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने बताया कि इस बारे में योजना तैयार कर ली गई है। इसमें दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की भी मदद ली जाएगी। इसमें 1080 गाड़िया खड़ी की जा सकेंगी। मास्टर प्लान 2021 के तहत इसके ऊपरी हिस्से पर पार्क बनाया जाएगा। जब तक निर्माण कार्य चलेगा तब तक परेड ग्राउंड और लालकिला पार्किंग स्थल पर गाड़ियां पार्क होंगी। पार्किंग स्थल निर्माण योजना का प्रस्ताव अब सदन में पेश किया जाएगा। यदि प्रस्ताव मंजूर होता है तो जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी