व्यापार मेले में उमड़ी भीड़

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : रविवार को अवकाश का दिन होने के कारण व्यापार मेले में उमड़ी भीड़ से दिल्ली की

By Edited By: Publish:Mon, 24 Nov 2014 03:41 AM (IST) Updated:Sun, 23 Nov 2014 11:50 PM (IST)
व्यापार मेले में उमड़ी भीड़

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : रविवार को अवकाश का दिन होने के कारण व्यापार मेले में उमड़ी भीड़ से दिल्ली की जीवन रेखा कही जाने वाली मेट्रो ट्रेन की रफ्तार कमजोर पड़ गई। भीड़ के कारण मेट्रो रुक-रुक कर चली। फिर भी लोग नहीं मानें और मेट्रो से सफर कर व्यापार मेले में पहुंचे। इसके कारण प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन से सबसे अधिक यात्रियों के सफर का पिछला रिकार्ड टूट गया। रविवार को इस स्टेशन से रात आठ बजे तक करीब 1.30 लाख लोगों ने यात्रा की। जो अब तक का रिकार्ड है। इससे पहले 24 नवंबर 2013 को प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन से 1.27 लाख लोगों ने सफर किया था।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम के अनुसार, व्यापार मेले के कारण मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है। मेट्रो में कुल 17.68 लाख लोगों ने सफर किया। जो पिछले तीन रविवार के मुकाबले सबसे अधिक है। 9 नवंबर को 16.29 लाख व 16 नवंबर को 17.44 लाख लोगों ने मेट्रो से यात्रा की थी। पिछले रविवार के मुकाबले इस रविवार को 24 हजार अधिक यात्रियों ने यात्रा की।

उधर, दोपहर करीब 12.30 बजे से ही ब्लू लाइन पर मेट्रो की रफ्तार कमजोर पड़ गई। हर स्टेशन पर काफी देर तक रुक-रुक कर मेट्रो चली। इसके चलते यात्रियों को परेशान होना पड़ा। राजीव चौक, प्रगति मैदान सहित कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ लग गई। शाम को स्टेशन के प्रवेश द्वार पर करीब 300 मीटर की दूरी तक लोगों की लंबी कतार लग गई। प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन पर ढ़ाई लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही रही। मेट्रो के प्रवक्ता का कहना है कि मेट्रो में कहीं कोई तकनीकी खामी नहीं थी। भीड़ के कारण गेट बंद होने में दिक्कत के कारण कुछ स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेन रुकी होंगी।

धरे रह गए इंतजाम

व्यापार मेले के मद्देनजर प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश आदि के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। लेकिन स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ के चलते इंतजाम धरे रह गए। स्टेशन से बाहर निकलने की व्यवस्था में भी बदलाव करना पड़ा। निकास द्वार पर लगाई गई इलेक्ट्रॉनिक मशीनों की जगह सुरक्षाकर्मी थैला लिए खड़े दिखाई पड़े। जो यात्रियों का टोकन लेकर उन्हें बाहर निकाल रहे थे। इसके अलावा मेट्रो ट्रेन पकड़ने के लिए पहुंचे लोगों को कतार में खड़ा होकर टोकन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

----------

व्यापार मेले में जाने के लिए लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन से बैठा था। यमुना बैंक स्टेशन पर करीब 10 मिनट तक ट्रेन रुकी रही। अन्य स्टेशनों पर भी ट्रेन रुक-रुक कर चल रही थी।

युधिष्ठिर, यात्री,

------------

द्वारका से राजीव चौक पहुंचने में दो घंटे लग गए। जबकि सामान्य तौर पर 50 मिनट का ही समय लगता है।

राजकुमार मिश्रा, यात्री,

chat bot
आपका साथी