भाजपा पार्षदों ने जोन बैठक में किया हंगामा

By Edited By: Publish:Fri, 22 Mar 2013 11:10 PM (IST) Updated:Fri, 22 Mar 2013 11:12 PM (IST)
भाजपा पार्षदों ने जोन बैठक में किया हंगामा

जागरण संवाददाता,पूर्वी दिल्ली :

नगर निगम शाहदरा दक्षिणी एवं उत्तरी जोन की बैठक हंगामेदार रही। दोनों जोन की बैठकों में भाजपा पार्षदों ने दिल्ली सरकार के स्वास्थ्यमंत्री डॉ.एके वालिया के इस्तीफे व पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद उनकी गिरफ्तारी की मांग की। दूसरी तरफ शाहदरा दक्षिणी जोन की बैठक में अधिकारियों पर जूता उठाने वाले निगम के स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराने व पार्षद पद से भी बर्खास्तगी की मांग की गई।

शाहदरा दक्षिणी जोन के अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में सफाई व्यवस्था के मुद्दे पर बैठक बुलाई गई थी। भाजपा पार्षदों ने स्वास्थ्यमंत्री डॉ.एके वालिया के इस्तीफे व उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई। भाजपा पार्षदों का तर्क था कि पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद स्वास्थ्यमंत्री के पद पर बने रहना गरिमा के खिलाफ है। कांग्रेसी पार्षदों ने जोन की बैठक में अधिकारियों पर जूता उठाने वाले स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने व प्रभावी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेसी पार्षदों का तर्क था कि यह किसी भी पार्षद को अधिकार नहीं है कि वह किसी भी अधिकारी पर जूता उठाए। यदि कोई अधिकारी काम नहीं कर रहा है तो उसे सेवा से मुक्त किया जाए। वैसे भी पूर्वी दिल्ली नगर निगम की मेयर, स्थायी समिति अध्यक्ष व सदन नेता भाजपा से हैं। इसी दल का पूर्ण बहुमत है। निगम के उत्तरी जोन की संजय जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी स्वास्थ्यमंत्री के इस्तीफे की भाजपा पार्षदों ने मांग उठाई। कांग्रेसी पार्षदों का तर्क था कि जब सदन नेता व शकरपुर के पार्षद के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। यदि वे सही थे तो किन कारणों से वे भूमिगत रहे। यदि ये लोग सही थे तो मुकदमा दर्ज होने के समय ही पुलिस में समर्पण किया जाना था। कांग्रेसी पार्षदों ने कहा कि यह भाजपा की गुंडागर्दी है। इसे सहन नहीं किया जाएगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी