Ranji Trophy: पृथ्वी शॉ-अजिंक्य रहाणे फ्लॉप, महज 3 दिन में मुंबई को पस्त कर रेलवे ने रचा इतिहास

ग्रुप बी के मुकाबले में शुक्रवार को 47 रन के आसान से लक्ष्य को हासिल कर रेलवे ने 41 बार के चैंपियन के खिलाफ 10 विकेट से जीत हासिल की।

By Viplove KumarEdited By: Publish:Fri, 27 Dec 2019 04:22 PM (IST) Updated:Fri, 27 Dec 2019 04:22 PM (IST)
Ranji Trophy: पृथ्वी शॉ-अजिंक्य रहाणे फ्लॉप, महज 3 दिन में मुंबई को पस्त कर रेलवे ने रचा इतिहास
Ranji Trophy: पृथ्वी शॉ-अजिंक्य रहाणे फ्लॉप, महज 3 दिन में मुंबई को पस्त कर रेलवे ने रचा इतिहास

मुंबई, पीटीआइ। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में मुंबई की टीम को रेलवे के खिलाफ सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। महज तीन दिन के भीतर अजिंक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ जैसे धुरंधरों के होते हुए टीम को रेलवे के खिलाफ उसे 10 विकेट की हार मिली। ग्रुप बी के मुकाबले में शुक्रवार को 47 रन के आसान से लक्ष्य को हासिल कर रेलवे ने 41 बार के चैंपियन के खिलाफ 10 विकेट से जीत हासिल की।

पहली पारी में मुंबई की टीम महज 114 रन पर ही ढेर हो गई थी जबकि दूसरी पारी में 198 रन का स्कोर खड़ा कर पाई। अजिंक्य रहाणे, पृथ्वी शॉ, सूर्यकुमार यादव जैसे स्टार बल्लेबाजों के होते हुए भी टीम को शर्मनाक हार मिली। पहली पारी में 266 रन बनाकर रेलवे ने मुंबई के खिलाफ 152 रन की बड़ी बढ़त हासिल की थी। पहली पारी में टी प्रदीप ने मुंबई के 6 बल्लेबाजों को आउट किया था जबकि दूसरी पारी में हिमांशू सांगवान ने 5 विकेट चटकाए।

फ्लॉप रहे अजिंक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ

रेलवे के कप्तान कर्ण शर्मा ने पहली पारी में नाबाद 112 रन की पारी खेली थी। मुंबई के स्टार बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे दोनों पारियों में फ्लॉप रहे। पहली पारी में वह महज 5 रन पर आउट हुए जबकि दूसरी पारी में 8 रन बनाकर वापस लौटे। पहली पारी में पृथ्वी शॉ ने 12 जबकि दूसरी पारी में वह 23 रन ही बना पाए।

रेलवे के कप्तान ने जड़ा शतक 

मुंबई के खिलाफ रेलवे के कप्तान कर्ण शर्मा ने पहली पारी में नाबाद शतक बनाया। उन्होंने 146 गेंद पर 15 और 4 छक्के की मदद से 112 रन की पारी खेली। कर्ण की इस पारी के दम पर ही रेलवे की टीम को पहली पारी में मुंबई के खिलाफ बढ़त हासिल हुई थी। 

रेलवे की गेंदबाजी रही शानदार

पहली पारी में टी प्रदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10.3 ओवर में 37 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। दूसरी पारी में सांगवान का जलवा नजर आया। उन्होंने 22 ओवर में 60 रन देकर 5 विकेट झटका।

chat bot
आपका साथी