England vs New Zealand: बारिश की भेंट चढ़ा तीसरे दिन का खेल, नहीं फेंका गया एक भी गेंद

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच लॉ‌र्ड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया और एक भी गेंद डाले बिना दिन का खेल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई।

By TaniskEdited By: Publish:Fri, 04 Jun 2021 11:00 PM (IST) Updated:Fri, 04 Jun 2021 11:00 PM (IST)
England vs New Zealand: बारिश की भेंट चढ़ा तीसरे दिन का खेल, नहीं फेंका गया एक भी गेंद
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ा।

नई दिल्ली, जेएनएन। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच लॉ‌र्ड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया और एक भी गेंद डाले बिना दिन का खेल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई। इंग्लैंड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में दो विकेट पर 111 रन बनाए थे और वह न्यूजीलैड के स्कोर से 267 रन पीछे चल रही है। इंग्लैंड की तरफ से रोरी ब‌र्न्स 59 रन और कप्तान जो रूट 42 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले दूसरे दिन न्यूजीलैंड ने डेवोन कॉनवे के 200 रन के दम पर 378 रन बनाए थे।

कॉनवे ने 200 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 347 गेंदें खेलीं और 22 चौके व एक छक्का जड़ा। इसके अलावा हेनरी निकोल्स ने 61 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से पदार्पण टेस्ट खेल रहे तेज गेंदबाज ओली रॉबिनसन ने 75 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके।  कॉनवे ने दूसरे दिन 136 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई और 347 गेंदों पर छक्के के साथ अपना दोहरा शतक पूरा किया। दोहरा शतक पूरा करने के तुरंत बाद वह आखिरी बल्लेबाज के रूप में रन आउट होकर पवेलियन लौटे। कॉनवे इंग्लिश सरजमीं पर पदार्पण टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केएस रणजीत सिंह जी का 125 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। रणजीत सिंह जी ने 1896 में मैनचेस्टर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पदार्पण टेस्ट खेलते हुए नाबाद 154 रन बनाए थे।

वहीं इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम एक समय 18 रन पर दो विकेट गंवाकर संकट में थी। इसके बाद रोरी ब‌र्न्स और कप्तान जो रूट ने टीम की पारी को संभाला। तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण धुलने से चौथे दिन यानी शनिवार को  98 ओवरों का खेल हो सकता है। अगर मौसम ठीक रहा और खेल हुआ तो आठ ओवर अधिक फेंके जाएंगे। दो टेस्ट मैचों की सीरीज का यह पहला टेस्ट है।

chat bot
आपका साथी