डेनियल वेट के धुआंधार शतक से इंग्लैंड ने भारत पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की

सलामी बल्लेबाज वेट ने शुरुआत से ही तेज खेल खेला। उन्होंने ब्रेयोनी स्मिथ के साथ पहले विकेट के लिए 5.2 ओवरों में 61 रन जोड़े।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Sun, 25 Mar 2018 10:38 PM (IST) Updated:Sun, 25 Mar 2018 11:13 PM (IST)
डेनियल वेट के धुआंधार शतक से इंग्लैंड ने भारत पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की
डेनियल वेट के धुआंधार शतक से इंग्लैंड ने भारत पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की

मुंबई, आइएएनएस। डेनियल वेट (124) की तूफानी पारी की मदद से इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय टीम को त्रिकोणीय टी-20 सीरीज के तीसरे मैच में रविवार को सात विकेट से हरा दिया।

भारत ने स्मृति मंधाना (76) और मिताली राज (53) के अर्धशतकों के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 198 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड ने वेट की 64 गेंदों में खेली गई शतकीय पारी के दम पर इस लक्ष्य को 18.4 ओवरों में तीन विकेट खोकर 199 का स्कोर कर हासिल कर लिया। वेट ने अपनी पारी में 15 चौके और पांच छक्के जड़े।

सलामी बल्लेबाज वेट ने शुरुआत से ही तेज खेल खेला। उन्होंने ब्रेयोनी स्मिथ के साथ पहले विकेट के लिए 5.2 ओवरों में 61 रन जोड़े। इसमें से सिर्फ 15 रन ही स्मिथ के थे। इसके बाद उन्होंने टैमी ब्यूमोंट (35) का साथ मिला और दोनों ने मिलकर टीम का स्कोर 157 तक पहुंचा दिया। यहां दीप्ति शर्मा ने ब्यूमोंट को पवेलियन भेज दिया। वेट रुकी नहीं और उन्होंने तेजी से रन बनाना जारी रखा। उनकी पारी से टीम की जीत तय हो गई थी। वेट की पारी का अंत भी दीप्ति ने किया। हालांकि वेट के आउट होने के बाद नताली शाइवर (नाबाद 12) और हीदर नाइट (नाबाद 8) ने जीत की औपचारिकताओं को पूरा किया।

इससे पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर पहली पारी खेलने उतरी भारतीय टीम को राज और मंधाना ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने तेजी से रन बटोरते हुए पहले विकेट के लिए 12.5 ओवरों में 129 रनों की साझेदारी की। मंधाना के रूप में भारत ने अपना पहला विकेट खोया। उन्होंने 40 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के लगाए। राज 141 के कुल स्कोर पर ताश फेरांट का शिकार हुईं। वेदा कृष्णामूर्ति तीन रन ही बना सकीं। फेरांट ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (30) को भी अपना शिकार बनाया। पूजा वस्त्राकर ने (नाबाद 22) और अनुजा पाटिल (नाबाद 02) ने भारत को 198 के कुल स्कोर तक पहुंचाया।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

अन्य खेलों की खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी