26 जनवरी का गजब संयोग, शतक बनाकर एक ही स्कोर पर एक ही तरीके से एक ही टीम के खिलाफ आउट हुए ये दो भारतीय

क्या आपको पता है कि 26 जनवरी को खेलते हुए भारत दो खिलाड़ियों शतक जमाया है। इसमें से एक तो भारत के मौजूदा कप्तान विराट कोहली हैं जबकि दूसरे दिग्गज के नाम पर भारत में क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जाता है।

By Viplove KumarEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 06:47 PM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 07:29 PM (IST)
26 जनवरी का गजब संयोग, शतक बनाकर एक ही स्कोर पर एक ही तरीके से एक ही टीम के खिलाफ आउट हुए ये दो भारतीय
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली - फाइल फोटो

नई दिल्ली, जेएनएन। आज पूरा भारत गणतंत्रता दिवस के जश्न में डुबा है। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भी आज कोई मैच नहीं खेल रहे हैं और अपने चाहने वालों को इस दिन की बधाई दे रहे हैं। क्या आपको पता है कि 26 जनवरी को खेलते हुए भारत के दो खिलाड़ियों ने शतक जमाया है। इसमें से एक तो भारत के मौजूदा कप्तान विराट कोहली हैं जबकि दूसरे दिग्गज के नाम पर भारत में क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जाता है।

26 जनवरी को खेलते हुए भारत की तरफ से सबसे पहले महान बल्लेबाज विजय हजारे ने शतक जमाया था। इसके बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली हैं जिनके नाम भी इस दिन एक शतकीय पारी खेलने का कीर्तिमान दर्ज है। इसके अलावा भारत की तरफ से नवजोत सिंह सिद्धु ने 99 रन की पारी खेली है। वहीं 26 जनवरी को सचिन के नाम 96 रन की पारी दर्ज है। इन सभी बल्लेबाजों ने टेस्ट मैच में यह पारी खेली है।

26 जनवरी के दिन दो भारतीय शतक

विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2012 में एडिलेड टेस्ट के दौरान 26 जनवरी को शतक जमाया था। 24 जनवरी को शुरु हुए टेस्ट मैच के तीसरे दिन कोहली ने भारत की पहली पारी में 199 गेंद पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से शतक बनाया था। 116 रन बनाकर कोहली LBW होकर वापस लौटे थे। यह मैच ऑस्ट्रेलिया ने 298 रन से जीता था।

विजय हजारे ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 26 जनवरी को टेस्ट में शतक बनाया था। साल 1948 में एडिलेड में खेले गए टेस्ट में तीसरे दिन मैदान पर उतरते हुए शतक बनाया था। तब टेस्ट मैच छह दिन का होता था और बीच में तीसरे दिन आराम होता था।

26 जनवरी का गजब संयोग

विराट कोहली और विजय हजारे दोनों ही भारतीय बल्लेबाजों ने 26 जनवरी को 116 रन की पारी खेली। इससे साथ संयोग यह भी कमाल का रहा कि दोनों ही बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में यह पारी खेली और दोनों ही बल्लेबाज LBW होकर ही वापस लौटे। एक और संयोग यह है रहा कि विजय और विराट दोनों ने मैच के तीसरे दिन मैदान पर शतक जमाया।  

chat bot
आपका साथी