महाराष्ट्र सरकार का फैसला, वानखेड़े में IPL टीमों को रात 8 बजे के बाद प्रैक्टिस की इजाजत

मुंबई और महाराष्ट्र में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण राज्य सरकार ने रविवार को मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक कफ्र्यू लगाने की घोषणा की थी। इन दिशानिर्देशों का पालन सोमवार से किया जा रहा है।

By Viplove KumarEdited By: Publish:Tue, 06 Apr 2021 12:27 AM (IST) Updated:Tue, 06 Apr 2021 12:27 AM (IST)
महाराष्ट्र सरकार का फैसला, वानखेड़े में IPL टीमों को रात 8 बजे के बाद प्रैक्टिस की इजाजत
सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धौनी- फोटो ट्विटर पेज

मुंबई, पीटीआइ। इंडियन प्रीमियर लीग को शुरू होने अब महज कुछ दिन ही रह गए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने कोविड से बुरी तरह प्रभावित मुंबई में आइपीएल मैचों के आयोजन का रास्ता साफ कर दिया है। सरकार ने महामारी रोकने के लिए लगाए गए रात के कफ्र्यू के दौरान रात आठ बजे के बाद अभ्यास करने और टीमों को होटल तक आने की अनुमति दे दी।

मुंबई और महाराष्ट्र में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण राज्य सरकार ने रविवार को मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक कफ्र्यू लगाने की घोषणा की थी। इन दिशानिर्देशों का पालन सोमवार से किया जा रहा है। राज्य सरकार ने हालांकि आइपीएल टीमों को बायो-बबल का कड़ा पालन करते हुए रात आठ बजे के बाद भी अभ्यास करने की अनुमति दे दी।

बीसीसीआइ को जारी पत्र में आपदा प्रबंधन, राहत और पुनर्वास विभाग के सचिव श्रीरंग घोलाप ने लिखा, 'मैच के समय को ध्यान में रखते हुए टीमों का सीसीआइ (क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया) और एमसीए (मुंबई क्रिकेट संघ का वानखेड़े स्टेडियम) में दो सत्रों में दोपहर बाद चार बजे से शाम छह बजकर 30 मिनट और शाम सात बजकर 30 मिनट से रात 10 बजे तक अभ्यास का समय नियत किया गया है।'

मुंबई में आइपीएल के 10 मैचों का आयोजन होना है। ये सभी मैच वानखेड़े स्टेडियम में होंगे। इनमें से नौ मैच रात सात बजकर 30 मिनट से शुरू होंगे। वानखेड़े में पहला मैच 10 अप्रैल को चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा।

वानखेड़े स्टेडियम के मैदानकर्मियों की कोरोना रिपार्ट निगेटिव आई

महाराष्ट्र में जारी कोरोना के कहर के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम के 15 मैदानकर्मियों की कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) के सूत्रों ने कहा कि इन लोगों को वानखेड़े स्टेडियम में बायो-बबल में शामिल किया गया है जबकि पिछले सप्ताह पॉजिटिव पाए गए दो सदस्य घर में क्वारंटाइन हो गए थे। अभ्यास सत्र बांद्रा के बीकेसी और कांदीवली के एमसीए स्टेडियम में हो रहे हैं, लेकिन आइपीएल के मुकाबले वानखेड़े स्टेडियम में होंगे। अधिकारी ने कहा कि उन दो आयोजन स्थल पर कोई दिक्कत नहीं है, जहां टीमें अभ्यास कर रही हैं।

chat bot
आपका साथी