टीम इंडिया को ग्लेन मैक्ग्रा ने दी चेतावनी, अगर ऐसा हुआ तो आउट नहीं हो पाएंगे स्टीव स्मिथ

Ind vs Aus ग्लेन मैक्ग्रा ने कहा कि भारतीय गेंदबाजों ने स्मिथ के खिलाफ सीधी लाइन पर गेंद फेंकने का प्लान बनाया और लेग गली में फील्डर तैनात किए और ये कारगर भी रहा। स्मिथ जैसे बल्लेबाज को उन्होंने अब तक क्रीज पर टिकने नहीं दिया।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Thu, 07 Jan 2021 03:08 PM (IST) Updated:Thu, 07 Jan 2021 03:08 PM (IST)
टीम इंडिया को ग्लेन मैक्ग्रा ने दी चेतावनी, अगर ऐसा हुआ तो आउट नहीं हो पाएंगे स्टीव स्मिथ
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (फाइल फोटो)

सिडनी, प्रेट्र। स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी के सबसे मजबूत स्तंभ हैं, लेकिन पिछले दो टेस्ट मैचों में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने उनकी एक नहीं चलने दी और वो कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। एक बार फिर से सिडनी टेस्ट मैच में पहले दिन का खेल खत्म होने तक वो क्रीज पर मौजूद थे और 31 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने जिस तरह से स्मिथ के रन बनाने पर ब्रेक लगाया हुआ है उसे लेकर पूर्व कंगारू तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। 

ग्लेन मैक्ग्रा ने टीम इंडिया को चेतावनी देते हुए ये भी कहा कि, अगर स्मिथ ने क्रीज पर अपने पैर टिका लिए तो फिर भारतीय गेंदबाजों के लिए उन्हें गेंदबाजी करना मुश्किल हो जाएगा। पहले दो टेस्ट मैचों में सिर्फ 10 रन बनाने वाले स्मिथ के बारे में ग्लेन मैक्ग्रा ने कहा कि, उनके खिलाफ भारत ने जो रणनीति बनाई वो अब तक तो सफल रही है। हालांकि इग्लैंड एशेज में ऐसी ही कोशिश की थी, लेकिन वो सफल नहीं रहे थे। इसके बाद न्यूजीलैंड के नील वैगनर ने उनके खिलाफ काफी अच्छी गेंदबाजी की थी। 

मैक्ग्रा ने कहा कि, भारतीय गेंदबाजों ने स्मिथ के खिलाफ सीधी लाइन पर गेंद फेंकने का प्लान बनाया और लेग गली में फील्डर तैनात किए और ये कारगर भी रहा। स्मिथ जैसे बल्लेबाज को उन्होंने अब तक क्रीज पर टिकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि, जब स्मिथ एक बार पांव टिका लेते हैं तो फिर वो अच्छी टाइमिंग के साथ शॉट्स खेलते हैं। आंख टिकने के बाद वो गेंद की गति का सही अनुमान लगाते हैं और फिर बड़े स्कोर बनाते हैं। वहीं उन्होंने कहा कि इस सीरीज में अब तक स्मिथ और अश्विन के बीच दिलचस्प लड़ाई चल रही है। अश्विन के खिलाफ कंगारू बल्लेबाज संघर्ष करते दिख रहे हैं। आपको बता दें कि सिडनी टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक विल और लाबूशाने की अर्धशतकीय पारी के दम पर 2 विकेट पर 166 रन बना लिए हैं। 

chat bot
आपका साथी